वर्दी का धौंस दिखाकर वसूली: आरक्षक ने मांगे 2 लाख, पीड़ित ने जमीन गिरवी रखे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पचपेड़ी थाना क्षेत्र से खाकी वर्दी पर दाग लगाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक आरक्षक गजपाल जांगड़े पर घूसखोरी और धमकाने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि उसने एक ग्रामीण से आबकारी एक्ट और गुंडा-बदमाश लिस्ट में नाम जोड़ने का डर दिखाकर 2 लाख रुपए की मांग की थी।

पीड़ित जोगी नायक, जो मानिकचौरी गांव का रहने वाला है, ने आरोप लगाया कि जेल जाने के डर से उसने अपनी जमीन गिरवी रखकर 1 लाख 5 हजार रुपए जुटाए और आरक्षक को घर बुलाकर पैसे दिए। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

वीडियो में जोगी नायक की पत्नी रजनी नायक को नोटों की गड्डी आरक्षक को देते हुए देखा जा सकता है, जबकि गजपाल जांगड़े रकम गिनते नजर आ रहा है। महिला के हाथ में नोटों की दूसरी गड्डी भी दिखाई दे रही है।

क्या है पूरा मामला?

6 अक्टूबर की शाम हेड कांस्टेबल हरवेंद्र खूंटे ने जोगी नायक को थाने के सरकारी क्वार्टर में बुलाया था। वहां आरक्षक गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर और मुरीत बघेल भी मौजूद थे। चारों ने मिलकर जोगी नायक को धमकाया कि उसके खिलाफ गुंडा-बदमाश का केस दर्ज किया जाएगा और 50 लीटर शराब जब्त कर जेल भेजा जाएगा।

जोगी नायक के मुताबिक, चारों पुलिसकर्मियों ने उसे छोड़ने के एवज में 2 लाख रुपए की डिमांड की थी। डर के मारे उसने 1.05 लाख रुपए में सौदा तय किया और रकम आरक्षक गजपाल जांगड़े को घर बुलाकर दी।

मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से की शिकायत

पीड़ित जोगी नायक ने पूरे मामले का वीडियो सबूत के रूप में तैयार किया और मुख्यमंत्री व गृहमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और विभागीय जांच की संभावना जताई जा रही है।

Youthwings