न्यू ईयर से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 40 लाख की अवैध शराब जब्त
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में न्यू ईयर पार्टी की तैयारियों के बीच आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। अंबिकापुर शहर से लगे कांतिप्रकाशपुर इलाके में छापेमारी कर आबकारी टीम ने ब्लैक डॉग ब्रांड की 300 पेटी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह शराब न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान अंबिकापुर में खपाने के लिए सड़क मार्ग से हरियाणा से लाई गई थी। तस्करों ने इसे एक किराए के मकान में छिपाकर रखा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोदाम पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान 300 पेटी ब्लैक डॉग व्हिस्की बरामद की गई, जिसमें कुल 14,400 पाव यानी करीब 2,590 लीटर विदेशी मदिरा शामिल है। इस मामले में आरोपी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले भी अवैध शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि न्यू ईयर के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी की आशंका को देखते हुए जिले में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। सूचना मिली थी कि दरिमा मेन रोड स्थित मानिक प्रकाशपुर के पास भारी मात्रा में हरियाणा का शराब का स्टॉक उतारा गया है, जिसे विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।
आबकारी अधिकारी के अनुसार, आरोपी के दीपक ट्रांसपोर्ट गोदाम से पूर्व में भी पंजाब निर्मित विदेशी मदिरा की 165 पेटी जब्त की जा चुकी है। इसी कारण इस बार सूचना को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई। विभाग का दावा है कि यह सरगुजा संभाग में विदेशी मदिरा को लेकर आबकारी विभाग की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
