व्यापम परीक्षा में हंगामा : समय से पहले गेट बंद करने का आरोप, बिना परीक्षा दिए लौटे परीक्षार्थी

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित वार्ड बॉय और आया भर्ती परीक्षा रविवार को विवादों में घिर गई। परीक्षा शुरू होने से पहले ही कमला कॉलेज परीक्षा केंद्र में अव्यवस्था और गेट समय से पहले बंद किए जाने के आरोपों को लेकर परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव के कुल 13 परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षा आयोजित की गई थी। लेकिन कमला कॉलेज सेंटर में पहुंचे परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि वे निर्धारित समय से पहले पहुंचने के बावजूद उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। कई छात्रों को परीक्षा हॉल में जाने की अनुमति नहीं मिली।

परीक्षार्थियों का कहना है कि परीक्षा का समय सुबह 11 बजे था, जबकि वे सुबह 10:30 बजे तक केंद्र पर पहुंच गए थे, लेकिन कॉलेज का गेट पहले ही बंद कर दिया गया था। इससे कई उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए। नाराज परीक्षार्थियों ने कॉलेज गेट के बाहर नारेबाजी की और परीक्षा रद्द करने की मांग की।

ड्रेस कोड को लेकर भी विवाद

परीक्षार्थी संजना देवांगन ने बताया, “मैं सेंटर में पहुंच चुकी थी, लेकिन मुझे ड्रेस को लेकर बाहर निकाल दिया गया। एक छात्रा के आईडेंटिटी चेक में 15 मिनट दिए गए, तो मुझे कपड़े बदलने के लिए थोड़ा समय क्यों नहीं दिया गया? मैंने डार्क कलर के कपड़े पहने थे, जिसके कारण मुझे बाहर कर दिया गया। हमारी मांग है कि पेपर रद्द किया जाए या दोबारा आयोजित किया जाए।”

हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने छात्रों को शांत करने की कोशिश की। वहीं, परीक्षा केंद्र प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सूत्रों के अनुसार, व्यापम की गाइडलाइन के तहत निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होती, और यह नियम सख्ती से लागू किया गया।

हालांकि प्रभावित परीक्षार्थियों का कहना है कि गेट समय से पहले बंद कर दिया गया, जिसके कारण वे परीक्षा से वंचित रह गए। उन्होंने मांग की है कि या तो परीक्षा दोबारा कराई जाए या उन्हें पुनः अवसर दिया जाए।

Youthwings