नेशनल पार्क एरिया में भीषण मुठभेड़: 2 नक्सली मारे गए, पापाराव और दिलीप वेंडजा की मौजूदगी की आशंका
DRG और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़
बीजापुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। अब तक की जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में दो माओवादियों को मार गिराया गया है, जबकि ऑपरेशन फिलहाल जारी है।
मट्टीमरका के जंगलों में सुबह से जारी गोलीबारी
सूत्रों के मुताबिक, मट्टीमरका जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद डीआरजी के जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान जवानों का सामना नक्सलियों के एक बड़े दल से हो गया, जिसके बाद सुबह से दोनों ओर से लगातार फायरिंग हो रही है।
घटनास्थल से दो ऑटोमेटिक हथियार बरामद
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने दो ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए हैं, जिनमें AK-47 राइफल शामिल बताई जा रही हैं। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बड़े नक्सली लीडरों की मौजूदगी की आशंका
सूत्रों का दावा है कि इस मुठभेड़ के दौरान कुख्यात नक्सली लीडर पापाराव और दिलीप वेंडजा की मौजूदगी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
पहले भी कई बड़े नक्सलियों पर हुई है कार्रवाई
गौरतलब है कि यह वही नेशनल पार्क क्षेत्र है, जहां पहले भी सुरक्षाबलों ने कई बड़े नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 8 लाख रुपये का इनामी नक्सली स्नाइपर, डिप्टी कमांडर सोढ़ी कन्ना, और डीवीसीएम उर्मीला शामिल हैं। इसके अलावा हाल के दिनों में इसी इलाके में सक्रिय कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया था।
read more : सुकमा में बड़ा नक्सल सरेंडर: दरभा–केरलापाल एरिया कमेटी के 29 नक्सलियों ने डाले हथियार
