1xBet Betting App Case: ED ने युवराज सिंह, सोनू सूद और रॉबिन उथप्पा को किया तलब

अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच तेज कर दी है। एजेंसी ने मंगलवार, 16 सितंबर को जानकारी दी कि इस केस में पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा और अभिनेता सोनू सूद को पूछताछ के लिए तलब किया गया है।

पूछताछ की तारीखें तय

ED के समन के अनुसार रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर, युवराज सिंह को 23 सितंबर और सोनू सूद को 24 सितंबर को एजेंसी के सामने पेश होना होगा। इनसे 1xBet से जुड़े लेनदेन और प्रोमोशनल गतिविधियों को लेकर सवाल-जवाब किए जाएंगे।

कई सेलिब्रिटी पहले ही दे चुके बयान

इस मामले में इससे पहले क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से पूछताछ की जा चुकी है। बंगाली एक्टर अंकुश हाजरा ईडी दफ्तर में पेश हो चुके हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती से भी सवाल-जवाब हो चुका है। सूत्रों के अनुसार, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को भी समन भेजा गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक पूछताछ में शामिल होने को लेकर एजेंसी को अपना रुख साफ नहीं किया है।

क्या है पूरा मामला

ED की जांच उन कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़ी है जिन पर आरोप है कि उन्होंने निवेशकों और आम लोगों से करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की और भारी पैमाने पर टैक्स चोरी की। 1xBet नामक यह प्लेटफॉर्म खेल आयोजनों पर सट्टेबाजी की सुविधा देता है और दावा करता है कि उसे 18 साल का अनुभव है, साथ ही इसकी वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध है।

एजेंसी को शक है कि भारत में कंपनी की गतिविधियों और उसके प्रमोशनल कैंपेन के जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग की गई। इसी कड़ी में ब्रांड से जुड़े सेलिब्रिटीज से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि उनका किसी वित्तीय लेनदेन या प्रमोशन से जुड़ा क्या रोल था।

Youthwings