रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित ₹3,200 करोड़ के शराब घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच को और तेज कर दिया है। गुरुवार को ईडी ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग, रायपुर और दिल्ली में एक नामी होटल व शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की।
दिल्ली और रायपुर के ठिकानों पर छापे
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम ने कारोबारी के दिल्ली स्थित आवास और रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित एक बड़े होटल पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि इस होटल का संचालन कारोबारी के परिवार के लोग कर रहे हैं। हालांकि, अब तक ईडी ने इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
दिल्ली शिफ्ट हुआ कारोबारी, कई व्यापारों से जुड़ाव
जानकारी के अनुसार, छापेमारी का सामना कर रहे कारोबारी का मूल निवास दुर्ग में है। पारिवारिक विवाद के बाद संपत्ति के बंटवारे में मिली हिस्सेदारी के साथ वह दिल्ली शिफ्ट हो गया था। वह रेलवे स्टेशनों पर रेस्टोरेंट संचालन, बोतलबंद पानी के व्यवसाय सहित कई अन्य व्यापारों से भी जुड़ा हुआ है।
ईडी ने यह कार्रवाई उन दस्तावेजों और सबूतों के आधार पर की है, जो इससे पहले की छापेमारी में बरामद हुए थे। फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।