दुर्ग में अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई, 250 लीटर महुआ शराब और 20 क्विंटल लहान जब्त

दुर्ग। लंबे समय से दुर्ग जिले के ग्रामीण इलाकों में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों पर ‘सुशासन तिहार’ के दौरान प्राप्त आवेदनों के आधार पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर और आबकारी विभाग के निर्देश पर एक के बाद एक छापेमारी कर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।

रानीतराई के घोरारी गांव में बड़ी कार्रवाई

पाटन क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई इस छापामार कार्रवाई में सबसे बड़ी कार्यवाही रानीतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घोरारी गांव में की गई। यहां आबकारी निरीक्षक अरविंद साहू के नेतृत्व में कार्रवाई की गई, जहां वर्षों से अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा था।

टीम ने छापेमारी कर 250 लीटर महुआ शराब और लगभग 20 क्विंटल महुआ लहान बरामद की, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही गांव में संचालित 15 अवैध शराब भट्ठियों को भी तोड़कर ध्वस्त कर दिया गया। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस मामले में आबकारी विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

गाड़ाडीह गांव में भी मिली सफलता

इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में ‘सुशासन तिहार’ के तहत प्राप्त आवेदन के आधार पर ग्राम गाड़ाडीह में छापा मारा गया। यहां आरोपी नैनदास के कब्जे से 53 पाव मसाला मदिरा जब्त की गई। आबकारी विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।

सख्ती का दौर जारी

प्रशासन की इन कार्रवाइयों ने साफ संकेत दे दिया है कि अवैध शराब कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अब कोई ढील नहीं दी जाएगी। ‘सुशासन तिहार’ के तहत आम जनता की ओर से मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है।

आबकारी विभाग का कहना है कि आगे भी इसी प्रकार के अभियान चलते रहेंगे और किसी भी कीमत पर अवैध शराब का निर्माण व बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में खासतौर से महुआ शराब की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

आम जनता की भूमिका अहम

इस पूरी कार्रवाई में स्थानीय लोगों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही, जिन्होंने ‘सुशासन तिहार’ के दौरान अपनी शिकायतें दर्ज करवाईं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Youthwings