सोशल मीडिया पर वकीलों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, जिला अधिवक्ता संघ ने की FIR की मांग

मनेन्द्रगढ़। सोशल मीडिया पर वकीलों के विरुद्ध कथित तौर पर की गई अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर जिला अधिवक्ता संघ मनेन्द्रगढ़ ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संघ ने सिटी कोतवाली प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अधिवक्ता संघ के अनुसार, रघुनाथ पोद्दार उर्फ कल्लू और एक निजी चैनल के संचालक शराफत अली के विरुद्ध यह शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि 25 जनवरी 2026 को शराफत अली ने अपने फेसबुक अकाउंट से रघुनाथ पोद्दार का एक वीडियो इंटरव्यू प्रसारित किया, जिसमें रघुनाथ पोद्दार ने वकील समुदाय के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।

शिकायत में कहा गया है कि वीडियो के दौरान वकीलों पर राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर “नेक्सस” चलाने तथा प्रोपेगेंडा फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। अधिवक्ता संघ का कहना है कि ये आरोप पूरी तरह निराधार हैं और इससे पूरे अधिवक्ता समुदाय की छवि को ठेस पहुंची है।

संघ की आपात बैठक में लिया गया निर्णय

मामले को गंभीर मानते हुए 4 फरवरी 2026 को जिला अधिवक्ता संघ की एक आवश्यक बैठक बुलाई गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रकार के भ्रामक और अपमानजनक वीडियो प्रसारित कर अधिवक्ताओं के प्रति समाज में गलत संदेश दिया जा रहा है। संघ के अनुसार लगभग 13 मिनट के इस वीडियो को बड़ी संख्या में लोगों द्वारा देखा और साझा किया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अधिवक्ताओं की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।

FIR और सख्त कार्रवाई की मांग

अधिवक्ता संघ ने पुलिस से मांग की है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर आईटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि अधिवक्ताओं की गरिमा और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।

Youthwings