DGP-IGP Conference आज से शुरू : तीन दिन छग में रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी, आज रात पहुंचेंगे रायपुर
DGP-IGP Conference
DGP-IGP Conference: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय प्रवास पर आज छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे रात 7.30 बजे माना एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और वहां से सीधे नवा रायपुर स्थित स्पीकर हाउस के लिए रवाना होंगे।
28 से 30 नवंबर तक चलेगा DGP-IGP Conference
नवा रायपुर में आज से DGP-IGP Conference का 60वां संस्करण शुरू हो रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी 29 और 30 नवंबर को शामिल होंगे।
शनिवार को वे सुबह 8.15 से रात 8.30 बजे तक सम्मेलन में मौजूद रहेंगे, जबकि रविवार को सुबह 8.30 से शाम 4.30 बजे तक सत्रों में हिस्सा लेकर सम्मेलन का समापन करेंगे।
वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद और महिला सुरक्षा पर होगी गहन चर्चा
सम्मेलन में देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें शामिल हैं— वामपंथी उग्रवाद से निपटने की रणनीति, आतंकवाद विरोधी उपाय, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा, पुलिसिंग में फोरेंसिक विज्ञान और एआई का उपयोग इसके साथ ही ‘सुरक्षित भारत’ के लिए एक दीर्घकालिक रोडमैप भी तैयार किया जाएगा।
प्रगतियों की समीक्षा और भविष्य की रणनीतियों का खाका
यह अखिल भारतीय सम्मेलन देश की पुलिस एजेंसियों द्वारा अब तक की गई प्रगति की समीक्षा करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करने का मंच है। ‘विकसित भारत: सुरक्षा आयाम’ थीम पर आयोजित यह सम्मेलन राष्ट्रीय सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा का अवसर प्रदान करता है।
प्रधानमंत्री देंगे राष्ट्रपति पुलिस पदक
सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे। यह सम्मान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को दिया जाता है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण मंच
देशभर के डीजीपी, आईजीपी, केंद्रीय सुरक्षा संगठनों के प्रमुख, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और चुनिंदा एसपी व डीआईजी स्तर के अधिकारी इस वार्षिक सम्मेलन में शामिल होंगे। यह मंच पुलिस बलों के सामने आने वाली चुनौतियों, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा रणनीतियों पर खुलकर संवाद की सुविधा प्रदान करता है।
पीएम मोदी से सीधी बातचीत का अवसर
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मेलन को हमेशा विशेष महत्व दिया है। उनके मार्गदर्शन में पिछले वर्षों में सम्मेलन का स्वरूप और चर्चा का दायरा व्यापक हुआ है। अधिकारी यहां अपने सुझाव और विचार सीधे प्रधानमंत्री के साथ साझा कर सकेंगे, जिससे नीतिगत सुधार और नई रणनीतियों को बढ़ावा मिलेगा।
पहली बार छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रहा 60वां सम्मेलन
2014 के बाद से यह सम्मेलन देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित किया जाता रहा है, जिनमें गुवाहाटी, केवड़िया, पुणे, लखनऊ, हैदराबाद आदि शामिल हैं।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष इसका आयोजन रायपुर (छत्तीसगढ़) में किया जा रहा है।
