Delhi Concert Controversy: Yo Yo Honey Singh की आपत्तिजनक टिप्पणी पर बवाल, रैपर ने मांगी माफी
Delhi Concert Controversy: फेमस सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। लगातार नए गानों और देशभर में हो रहे कॉन्सर्ट्स के बीच दिल्ली में आयोजित एक लाइव शो के दौरान की गई उनकी टिप्पणी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। विवाद बढ़ने के बाद अब हनी सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है।
दरअसल, दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह ने मंच से कुछ ऐसी आपत्तिजनक और अशोभनीय बातें कहीं, जिन पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। उनके बयान की एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई, जिसके बाद यूजर्स ने उनकी भाषा और व्यवहार की जमकर आलोचना की। कई लोगों ने सवाल उठाया कि एक बड़े कलाकार को इस तरह के शब्दों के इस्तेमाल की क्या जरूरत थी।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने हनी सिंह पर मर्यादा लांघने का आरोप लगाया, तो कुछ ने उनके व्यवहार को लेकर तंज कसे। देखते ही देखते यह मामला ट्रेंड करने लगा।
हनी सिंह ने मांगी माफी
लगातार आलोचना के बाद यो यो हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी सफाई दी और माफी मांगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनका वीडियो एडिट करके गलत संदर्भ में वायरल किया गया है। हनी सिंह ने बताया कि शो से कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात गायनेकोलॉजिस्ट और सेक्सोलॉजिस्ट से हुई थी, जहां युवाओं में बढ़ती यौन जनित बीमारियों और असुरक्षित व्यवहार पर चर्चा हुई थी।
हनी सिंह के मुताबिक, मंच पर उन्होंने जेन-जी ऑडियंस को ध्यान में रखते हुए उसी भाषा में एक सामाजिक संदेश देने की कोशिश की, ताकि युवा असुरक्षित व्यवहार से बचें। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी भाषा कई लोगों को आहत कर सकती है।
अपने पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने “भूल-चूक माफ” लिखते हुए कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने आगे आश्वासन दिया कि भविष्य में वह मंच से बोलते समय अधिक संयम बरतेंगे और सोच-समझकर शब्दों का चयन करेंगे।
