चुनाव खत्म, अब बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम? कांग्रेस नेता का बड़ा आरोप

Dahariya Targets Modi Govt over पेट्रोल-डीजल

पूर्व मंत्री डॉ. डहरिया का केंद्र पर बड़ा हमला, पेट्रोल-डीजल संकट और संभावित मूल्य वृद्धि को बताया सुनियोजित खेल

क्या चुनाव खत्म होते ही बढ़ने वाले हैं पेट्रोल-डीजल के दाम? कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप। तेल संकट, महंगाई और सरकार की ‘बचत अपील’ को लेकर कही ऐसी बातें, जिसने राजनीतिक माहौल गरमा दिया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…

पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया ‘बचत अपीलों’ और देशभर में सामने आ रही पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों को विफल बताते हुए इसे आम जनता पर बोझ डालने की कोशिश करार दिया।

‘बचत अपील नहीं, आर्थिक विफलता का प्रमाण’

डॉ. डहरिया ने राहुल गांधी के बयानों का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलें किसी मार्गदर्शन का संकेत नहीं, बल्कि इस बात का प्रमाण हैं कि देश की अर्थव्यवस्था सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जो सरकार ‘अच्छे दिन’ का वादा कर सत्ता में आई थी, वही आज जनता को ईंधन, सोना और यात्रा जैसी बुनियादी जरूरतों में कटौती करने की सलाह दे रही है।

पेट्रोल-डीजल संकट पर लगाए गंभीर आरोप

डॉ. डहरिया ने दावा किया कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद अब केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में तेल की कृत्रिम कमी दिखाकर जनता को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि जैसे ही तेल कंपनियां कीमतें बढ़ाएंगी, वैसे ही पेट्रोल पंपों पर स्टॉक फिर से सामान्य हो जाएगा।

Dahariya Targets Modi Govt over पेट्रोल-डीजल

‘जनता की जेब काटने का सुनियोजित खेल’

पूर्व मंत्री ने कहा कि यह पूरी स्थिति आम जनता की जेब पर हमला करने की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारियों से बचना चाहती है।

पीएम के विदेशी दौरों पर भी उठाए सवाल

डॉ. डहरिया ने प्रधानमंत्री मोदी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री जनता को बचत और विदेश यात्रा कम करने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खुद सरकारी खर्च पर लगातार विदेशी दौरे कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलों का पालन उनकी ही पार्टी के नेता नहीं कर रहे हैं।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

डॉ. शिवकुमार डहरिया ने मांग की कि केंद्र सरकार देश के सामने आर्थिक श्वेत पत्र जारी करे और विदेशी मुद्रा भंडार व तेल स्टॉक की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई और कीमतों में वृद्धि की गई, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी।

यह भी पढ़ें: Petrol-Diesel Crisis: रायपुर से बस्तर तक Fuel Shortage, कई पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें

Youthwings