सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती की मांग को लेकर डीएलएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय में हंगामा
रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर के बाहर मंगलवार को डीएलएड/डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों ने सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एकत्र होकर गेट के बाहर नारेबाजी करने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।
2300 से अधिक पद अब भी खाली:
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती 2023 के तहत कुल 2615 पदों के लिए पांचवें चरण की काउंसलिंग आयोजित की गई थी, लेकिन इनमें से केवल 1299 पदों पर ही नियुक्ति हो सकी। बाकी 1316 पद खाली रह गए। इससे पहले के चरणों में भी 984 पदों पर चयन नहीं हो पाया, जिससे अब तक कुल करीब 2300 पद रिक्त हैं। योग्य और TET पास अभ्यर्थी लंबे समय से इन पदों पर भर्ती की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
समय सीमित, अभ्यर्थी चिंतित:
इन रिक्त पदों की वैधता 1 जुलाई 2025 तक ही है। ऐसे में अभ्यर्थियों की मांग है कि विभाग जल्द से जल्द छठवीं सूची जारी कर काउंसलिंग शुरू करे, ताकि इन पदों पर समय रहते नियुक्ति हो सके। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे कई बार विभागीय अधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों से मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई स्पष्ट या सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।
मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रहे युवा
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लगातार अनिश्चितता और मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं। बेरोजगारी की वजह से उनका आर्थिक संकट भी गहरा रहा है। उनका कहना है कि यदि वे पात्र हैं और TET उत्तीर्ण कर चुके हैं, तो उन्हें बार-बार नियुक्ति के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए। सभी ने मिलकर विभाग से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
