दुबई की धार्मिक यात्रा का लालच देकर 35 लाख ठग लिए! टूर एजेंट पति-पत्नी फरार

दुबई की धार्मिक यात्रा का लालच देकर 35 लाख ठग लिए! टूर एजेंट पति-पत्नी फरार, बिलासपुर पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस

बिलासपुर। उमराह की धार्मिक यात्रा कराने के नाम पर बड़ी ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तालापारा तैयबा चौक में “टूर एंड ट्रेवल्स” चलाने वाले पति-पत्नी ने 10 लोगों से दुबई उमराह यात्रा के लिए 35 लाख रुपये ऐंठ लिए और फिर ऑफिस बंद कर फरार हो गए। पीड़ितों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।

कैसे दिया ठगी को अंजाम?

पुलिस के मुताबिक, कटघोरा निवासी वसीम अली और उसकी पत्नी रेशमा अली ने साल 2023 में तालापारा में अपना ऑफिस खोला था। पहले उन्होंने कुछ लोगों का पासपोर्ट-वीजा बनवाकर मुंबई में धार्मिक यात्रा कराई, जिससे समाज में उनकी विश्वसनीयता बढ़ गई। इसी भरोसे पर तारबाहर निवासी शेख अकरम सहित 10 लोगों ने उमराह के लिए 35 लाख रुपये दे दिए।

पैसे लेने के बाद दंपती ने न यात्रा कराई, न पैसे लौटाए। जब लोग बार-बार ऑफिस पहुंचे तो दोनों ने दफ्तर बंद कर रफूचक्कर हो गए। मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिए।

पुलिस ने की ये कार्रवाई

शेख अकरम की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने वसीम अली और रेशमा अली के खिलाफ IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस उनके कटघोरा स्थित घर और रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही है।

पीड़ितों ने बताया कि ठगी की यह रकम उनकी जिंदगी भर की जमा पूंजी थी। अब लोग पुलिस से जल्द गिरफ्तारी और अपने पैसे वापस दिलाने की गुहार लगा रहे हैं।

बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी टूर एजेंट को पैसा देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल कर लें और लिखित एग्रीमेंट जरूर करें।

Youthwings