सतनामी समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज गिरफ्तार

तखतपुर। सतनामी समाज के बारे में विवादित बयान देने वाले कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को बिलासपुर पुलिस ने गुरुवार को कथास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई तब हुई जब सतनामी समाज के लोगों ने कथावाचक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तखतपुर थाने का घेराव किया था।

विवाद की शुरुआत
मामला तखतपुर के टिकरी पारा में चल रही श्रीमद् भागवत कथा का है, जहां आशुतोष चैतन्य महाराज ने सतनामी समाज के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उनके ये बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद सतनामी समाज के लोग सड़कों पर उतर आए।

थाना घेराव और पुलिस कार्रवाई
आक्रोशित समुदाय के लोगों ने तखतपुर थाने का घेराव किया और त्वरित कार्रवाई की मांग की। एडिशनल एसपी अर्चना झा ने मामले की प्राथमिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया था।

गिरफ्तारी और शांति अपील
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कथावाचक को उनके कथास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल एसपी ने समाज के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल आशुतोष चैतन्य महाराज को जेल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

Youthwings