ईडी के खिलाफ आधी रात में कांग्रेसी की शिकायत, पूछताछ के दौरान मारपीट और दबाव बनाने का आरोप
रायपुर। राजधानी में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के खिलाफ आधी रात को एक कांग्रेसी नेता ने कोतवाली थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। हेमंत चंद्राकर नामक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पूछताछ के नाम पर न सिर्फ उनके साथ मारपीट की गई बल्कि मानसिक रूप से प्रताड़ित कर दबाव भी बनाया गया। उनका कहना है कि ईडी अधिकारी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके सहयोगियों के खिलाफ बयान देने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
रोहणीपुरम स्थित कंचनगंगा कॉलोनी के रहने वाले हेमंत चंद्राकर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 29 सितंबर की सुबह 10.30 बजे वह ईडी कार्यालय, रायपुर में पूछताछ के लिए पहुंचे थे। पूछताछ का सिलसिला देर रात 8.30 बजे तक चला। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें अगले दिन फिर से आने को कहा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान उन्हें शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया गया। साथ ही ईडी अधिकारियों ने दबाव डाला कि वह यह स्वीकार करें कि भूपेश बघेल से जुड़े लोग विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मंदीप चावला और उनके एजेंट आदित्य अग्रवाल, शाश्वत जैन, किशोर चंद्राकर तथा सतपाल सिंह छाबड़ा को कमीशन देकर काम कराया गया।
परिवार को भी धमकी का आरोप
हेमंत चंद्राकर ने आरोप लगाया कि ईडी अधिकारी न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके परिवार को भी उत्पीड़ित कर अवैधानिक तरीके से बयान लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने थाना प्रभारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।
पुलिस का पक्ष
इस शिकायत पर कोतवाली थाना प्रभारी एसएन सिंह ने कहा कि कल देर रात आवेदन प्राप्त हुआ है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, उसे अमल में लाया जाएगा।
