BJP में गुटबाजी? ऑनलाइन सट्टा एप बंद क्यों नहीं? दीपक बैज ने लगाया सरकार पर आरोप…
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भाजपा में गुटबाजी चरम पर है और डैमेज कंट्रोल के लिए अमित शाह रायपुर में ठहरेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ विधायक नाराज हैं और पार्टी में गुटबाजी से उथल-पुथल का माहौल बना हुआ है।
नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर सवाल
दीपक बैज ने नक्सलियों के हालिया आत्मसमर्पण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार इसे इवेंट की तरह पेश कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार 103 नक्सलियों का पूरा प्रोफाइल जनता के सामने पेश करे। बैज ने भाजपा शासनकाल में हुए कथित फर्जी सरेंडर और निर्दोष आदिवासियों की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए कहा कि बस्तरवासी इसे आज भी याद रखते हैं। उन्होंने सवाल किया कि 2016 में नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन थी, अब क्या 2026 तक नक्सलवाद खत्म होगा?
ऑनलाइन सट्टा एप पर निशाना
NCRB की रिपोर्ट में ऑनलाइन सट्टा कारोबार में छत्तीसगढ़ देश में नंबर वन आने पर बैज ने कहा कि ऑनलाइन ही नहीं, अन्य मामलों में भी यह सरकार नंबर वन है। उन्होंने कहा कि 2023 के चुनाव में महादेव सट्टा एप को भ्रष्टाचार की भेंट बताया गया था, अब यह एप उसी सरकार के समय फिर फल-फूल रहा है। बैज ने सवाल किया कि डबल इंजन की सरकार है, फिर ऑनलाइन सट्टा एप बंद क्यों नहीं हुआ।
चुनाव आयोग के SIR पायलट प्रोजेक्ट पर आपत्ति
रायपुर ग्रामीण विधानसभा को चुनाव आयोग ने SIR पायलट प्रोजेक्ट के तहत चुना है। दीपक बैज ने कहा कि रायपुर में तीन विधानसभा हैं, फिर सिर्फ रायपुर ग्रामीण ही क्यों चुना गया? 2003 के बाद औद्योगिक विकास हुआ और नए मतदाता जुड़े, इसलिए उनके नाम काटना उचित नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग SIR के तहत प्रोपोगेंडा कर रहा है।
