रायपुर में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक संपन्न, SIR और ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली पर चर्चा

रायपुर। कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की दो दिवसीय बैठक शनिवार को राजधानी रायपुर में सम्पन्न हुई। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस सत्र में संगठनात्मक रणनीतियों, आगामी आंदोलनों और जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा हुई।

1. SIR पर अलग बैठक

दीपक बैज ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर जिलाध्यक्षों की अलग से बैठक आयोजित की जाएगी, क्योंकि यह आने वाले समय में राजनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

2. दिल्ली रैली की तैयारी

कांग्रेस की प्रस्तावित ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ दिल्ली रैली पर चर्चा हुई। बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे और सरकार के खिलाफ आक्रामक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

 

3. जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण

AICC द्वारा जल्द ही जिलाध्यक्षों के लिए 10-दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन प्रबंधन, राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क कौशल शामिल होंगे।

 

4. जीवन ठाकुर मामले में जांच

बैठक में सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष रहे जीवन ठाकुर की जेल में हुई मौत का मुद्दा भी उठा। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि जेल में समय पर भोजन और दवा न मिलने के कारण उनकी मौत हुई। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस इस मामले में अपनी जांच समिति बनाएगी और यदि तहसीलदार या जेल अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

 

बैज ने कहा कि पार्टी बिजली दरों, किसान समस्याओं, गाइडलाइन रेट और मनरेगा जैसे मुद्दों पर राज्यव्यापी प्रदर्शनों की भी तैयारी कर रही है।

Youthwings