Rajya Sabha Election: कांग्रेस ने जारी की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची, अभिषेक मनु सिंघवी समेत कई नेताओं को मौका
Congress Protest
Rajya Sabha Election: राज्यसभा की 37 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के बाद अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से घोषित नामों में कई बड़े और चर्चित चेहरे शामिल हैं।
कांग्रेस द्वारा जारी सूची के मुताबिक तेलंगाना से वरिष्ठ नेता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा वेम नरेंद्र रेड्डी को भी तेलंगाना से टिकट दिया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ से पार्टी ने एक बार फिर फूलो देवी नेताम पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्यसभा के लिए मैदान में उतारा है।
इसके साथ ही हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध, तमिलनाडु से क्रिस्टोफर तिलक और हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुराग शर्मा को टिकट मिलने से प्रदेश की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।

सूची में देरी के बाद बढ़ी थी चर्चा
कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी होने में देरी को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि पार्टी नेताओं का कहना था कि उम्मीदवारों के नाम अंतिम चरण में घोषित किए जाएंगे। अब सूची सामने आने के बाद कई नामों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासतौर पर अभिषेक मनु सिंघवी का नाम शामिल होने को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है।
बिहार की राजनीति में भी हलचल
इसी बीच बिहार की राजनीति में भी बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। जानकारी के मुताबिक वे सुबह 11:30 बजे बिहार विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
नीतीश कुमार के साथ जदयू की ओर से रामनाथ ठाकुर भी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरेंगे। बताया जा रहा है कि नामांकन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रह सकते हैं।
जानिए कब होगा मतदान
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के तहत उम्मीदवार 5 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इसके बाद 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। वहीं 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी।
