छत्तीसगढ़ में CoE और ESDD सेंटर होंगे स्थापित, CM साय की मौजूदगी में हुआ MOU
CM साय
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के बीच हुए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MOU) के बाद आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और अब राज्य का लक्ष्य ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी देश में विशिष्ट पहचान बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना, प्रभावी ई-गवर्नेंस और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ तेजी से आईटी, आईटीईएस और उभरती तकनीकों पर आधारित उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
CoE और ESDD सेंटर की होगी स्थापना
सीएम विष्णुदेव साय ने बताया कि इस एमओयू के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देना और आईटी एवं आईटीईएस जैसे क्षेत्रों में विश्वस्तरीय अवसर राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराना है।
प्रस्तावित सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेड-टेक, स्मार्ट सिटी समाधान और स्मार्ट कृषि जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहित किया जाएगा।
हार्डवेयर स्टार्ट-अप और MSME को मिलेगा सहयोग
मुख्यमंत्री ने बताया कि अत्याधुनिक ESDD सेंटर के जरिए हर साल लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास और क्षमता निर्माण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी उद्यमिता को नया बल मिलेगा।
read more : बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, जब्त सोने की ज्वेलरी का गबन करने का आरोप
युवाओं को मिलेगा रोजगार और उद्यमिता का अवसर
सीएम साय ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को राज्य के भीतर ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक लैब्स की सुविधा मिलेगी। इससे उच्च कौशल वाले युवाओं का महानगरों की ओर पलायन रुकेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार व उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने एसटीपीआई के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देशभर में 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष CoE के अनुभव से छत्तीसगढ़ के स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।
आर्थिक विकास में साबित होगा मील का पत्थर
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह एमओयू छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा और राज्य को डिजिटल नवाचार, तकनीकी उद्यमिता और स्टार्ट-अप के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, एसटीपीआई के निदेशक रवि वर्मा, चिप्स के सीईओ प्रभात मलिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
