CMHO निलंबन विवाद: स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ CMHO कार्यालय का करेंगे घेराव

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा की गई निलंबन कार्रवाई को लेकर स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने सीएमएचओ पर व्यक्तिगत द्वेष के तहत एकपक्षीय और नियमविरुद्ध कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए 19 जनवरी 2026 को सीएमएचओ कार्यालय, मुंगेली के संभाग स्तरीय घेराव का ऐलान किया है।

संघ का आरोप है कि जिलाध्यक्ष डोम प्रकाश कश्यप, आरएचओ, आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुरदा के खिलाफ की गई निलंबन कार्रवाई पूरी तरह अन्यायपूर्ण और नियमों के खिलाफ है। संघ ने बताया कि इस संबंध में 15 दिसंबर 2025 और 5 जनवरी 2026 को सीएमएचओ को लिखित रूप से निलंबन निरस्त करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक न तो कोई निर्णय लिया गया और न ही कोई जवाब दिया गया।

इसी बीच, सीएमएचओ कार्यालय की ओर से 15 जनवरी 2026 को एक पत्र जारी कर सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके अधीनस्थ कोई भी कर्मचारी प्रस्तावित घेराव में शामिल न हो। पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि कोई कर्मचारी आंदोलन या घेराव के समर्थन में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने इस पत्र को तानाशाहीपूर्ण करार देते हुए कहा है कि इससे कर्मचारियों में आक्रोश और अधिक बढ़ गया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निलंबन आदेश को तत्काल निरस्त नहीं किया गया, तो 19 जनवरी को बिलासपुर संभाग के सभी स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी मुंगेली पहुंचकर सीएमएचओ कार्यालय का घेराव करेंगे।

संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि आंदोलन के दौरान यदि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो इसकी पूरी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मुंगेली डॉ. शीला शाह की होगी। संघ का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Youthwings