मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की राज्यपाल से मुलाक़ात, साय सरकार में नए चेहरों की एंट्री तय?
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शाम राजभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की, जिससे प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलों का दौर फिर शुरू हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह मुलाकात राज्यहित से जुड़े विषयों को लेकर हुई थी। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है कि इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार पर कोई चर्चा हुई या नहीं। लेकिन जिस तरह मुख्यमंत्री की हर बार राज्यपाल से मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ती है, ठीक वैसा ही इस बार भी देखने को मिला है।
विदेश दौरे पर जाएंगे राज्यपाल
बता दें कि राज्यपाल रमेन डेका जुलाई के पहले सप्ताह में विदेश प्रवास पर जा रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि राज्यपाल की अनुपस्थिति से पहले ही अगर मंत्रिमंडल विस्तार होना है, तो आने वाले कुछ दिनों में बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
दो पद खाली, तीसरे की संभावनाएं भी
फिलहाल विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल में दो मंत्री पद खाली हैं। लेकिन बीजेपी संगठन से जुड़े सूत्रों की मानें तो अगर हरियाणा फार्मूला छत्तीसगढ़ में लागू होता है, तो एक और मंत्री की नियुक्ति की संभावना बन सकती है। इस आधार पर कुल तीन नए चेहरों के मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें हैं।
संगठन और सत्ता में संतुलन बनाने की तैयारी
सूत्र बताते हैं कि पार्टी नेतृत्व इस बार मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के साथ-साथ संगठन के हित को भी ध्यान में रखकर फैसले ले सकता है। खासकर आदिवासी बेल्ट, सरगुजा और बस्तर क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने की चर्चा जोरों पर है। साथ ही संगठन से जुड़े कुछ वरिष्ठ चेहरों को भी सरकार में जगह मिल सकती है।
क्या है हरियाणा फार्मूला?
हरियाणा फार्मूले के तहत मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित कुल विधायकों की संख्या के 15% से अधिक मंत्री नहीं बनाए जाते। छत्तीसगढ़ विधानसभा में 90 सदस्य हैं, ऐसे में 15% के हिसाब से अधिकतम 13 मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान में मंत्रिमंडल में 10 मंत्री हैं, यानी तीन पदों के लिए जगह शेष है।
