CM Sai ने मेहुल भाई को दी श्रद्धांजलि, कहा- वीरता की मिसाल हैं हमारे जवान
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उसूर क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के कांस्टेबल सोलंकी मेहुल भाई नंदलाल को आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माना स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी परिसर में शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहीद मेहुल भाई की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए कहा कि उनकी शहादत को देश कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा, “शहीद मेहुल भाई ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हैं। उनका बलिदान हमें नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में संकल्पबद्ध बनाए रखेगा।”
परिजनों से की मुलाकात, दी संवेदनाएं
मुख्यमंत्री साय ने शहीद मेहुल भाई के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने ईश्वर से इस कठिन समय में परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शहीद परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।
सरकार का संकल्प – मार्च 2026 तक नक्सलवाद का अंत
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार ने नक्सलवाद के समूल नाश का संकल्प लिया है और मार्च 2026 तक इसे पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा, “हमारे जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। बीते एक वर्ष में नक्सल विरोधी अभियानों में अभूतपूर्व सफलता मिली है और जवानों ने बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के लिए अपनी जान की बाजी लगाई है।”
पार्थिव शरीर को दी गई अंतिम विदाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कांस्टेबल मेहुल भाई के पार्थिव शरीर को कंधा देकर भावभीनी विदाई दी। इसके बाद शहीद का पार्थिव शरीर उनके गृह राज्य भेजा गया। इस मौके पर उपस्थित जनसमूह की आंखें नम थीं और ‘शहीद अमर रहें’ के नारों से परिसर गूंज उठा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरन्दर मिश्रा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक मौजूद थे। सभी ने मेहुल भाई की शहादत को सलाम करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
