Raipur-Jabalpur Intercity Express को सीएम साय ने दिखाई हरी झंडी, बोले– शिक्षा, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा नया आयाम

Raipur-Jabalpur Intercity Express

Raipur-Jabalpur Intercity Express

रायपुर। Raipur-Jabalpur Intercity Express: राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन से रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नई रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस नई रेल सेवा से पर्यटन, शैक्षणिक गतिविधियों और व्यापार को नई गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को आभार

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की विशेष पहल से देश को तीन नई रेल सेवाओं की सौगात मिली है, जिनमें से एक छत्तीसगढ़ को भी प्राप्त हुई है। उन्होंने प्रदेश की ओर से प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“इस नई रेल सेवा से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों जैसे डोंगरगढ़ की मां बमलेश्वरी धाम और जबलपुर का भेड़ाघाट सीधे जुड़ जाएंगे।”

रेलवे बजट और विकास योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 10 सालों में छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 21 गुना बढ़ा है और इस वर्ष राज्य को 6,900 करोड़ रुपये की राशि मिली है। वर्तमान में 47,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाएं चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का 680 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का विकास होगा।

डॉ. रमन सिंह बोले– ऐतिहासिक कदम

विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सेवा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच बेहतर संपर्क का नया मार्ग बनेगी। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन लगभग 410 किमी की दूरी केवल 8 घंटे में तय करेगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अब गोंदिया, बालाघाट और जबलपुर की यात्रा सुगमता से हो सकेगी और व्यापार व पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

तीन राज्यों को जोड़ेगी नई एक्सप्रेस

यह ट्रेन रायपुर, गोंदिया और जबलपुर के बीच चलेगी। नियमित सेवा में गाड़ी संख्या 11701 रायपुर से दोपहर 2:45 बजे रवाना होकर रात 10:45 बजे जबलपुर पहुँचेगी। वापसी में 11702 सुबह 6:00 बजे जबलपुर से चलकर दोपहर 1:50 बजे रायपुर पहुँचेगी।
इसमें कुल 15 कोच होंगे—1 एसी चेयर कार, 4 चेयर कार, 8 सामान्य कोच, 1 पावर कार और 1 एसएलआरडी कोच।

शिक्षा, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा

इस नई सेवा से व्यापारियों, विद्यार्थियों, पर्यटकों और दैनिक यात्रियों को सीधा फायदा होगा।

  • रायपुर, डोंगरगढ़, बालाघाट, नैनपुर और जबलपुर जैसे शहर अब बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़ेंगे।

  • यात्री आसानी से कान्हा नेशनल पार्क, नंदनवन जूलॉजिकल पार्क, धुआंधार जलप्रपात और माँ बमलेश्वरी मंदिर जैसे स्थलों तक पहुँच सकेंगे।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे लोग

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और डीआरएम रायपुर दयानंद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की इस पहल से यात्रियों की यात्रा न केवल अधिक आरामदायक और सुरक्षित होगी, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

Youthwings