खामेनेई की हत्या पर चीन और उत्तर कोरिया की कड़ी प्रतिक्रिया

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के बाद चीन और उत्तर कोरिया ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। दोनों देशों ने अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है।

 

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान में कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर पर हमला और उनकी हत्या ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है। बयान में कहा गया कि यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी मानदंडों के खिलाफ है। चीन ने इस कार्रवाई की घोर निंदा करते हुए ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान तुरंत रोकने की अपील की है। साथ ही मध्य-पूर्व और वैश्विक शांति बनाए रखने के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

 

वहीं उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अमेरिका को ‘वर्चस्ववादी’ करार देते हुए कहा कि ईरान पर इजरायल और अमेरिका की सैन्य कार्रवाई अवैध आक्रमण है और राष्ट्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यह अमेरिका के प्रभुत्ववादी रवैये का परिणाम है।

 

गौरतलब है कि शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हवाई हमला किया था। ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार इन हमलों में 200 से अधिक लोगों की मौत और सैकड़ों के घायल होने की खबर है।

Youthwings