मुख्यमंत्री साय ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस: बोले- ‘GST 2.0 से जनता को बड़ी राहत, किसानों और व्यापारियों को होगा करोड़ों का फायदा’
मुख्यमंत्री साय ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जीएसटी 2.0 से जुड़ी अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि यह टैक्स सिस्टम में एक ऐतिहासिक सुधार है, जो सीधे आम जनता, किसानों और उद्योगों को लाभ पहुंचाएगा।
देश की आर्थिक प्रगति को बताया मोदी सरकार की देन
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 10 वर्षों में भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है। “मोदी जी देश को एक परिवार मानते हैं और जीएसटी 2.0 उसी सोच का परिणाम है,” उन्होंने कहा।
टैक्स के बोझ से मिली राहत, दो स्लैब सिस्टम लागू
सीएम ने जानकारी दी कि पहले टैक्स पर टैक्स लगता था, लेकिन अब चार टैक्स स्लैब को घटाकर सिर्फ दो स्लैब कर दिए गए हैं। इससे देशभर के व्यापारियों और उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिलेगी।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
कृषि से जुड़े उत्पाद जैसे खाद, कीटनाशक और उपकरण अब 5% टैक्स स्लैब में लाए गए हैं। इसका असर ट्रैक्टर जैसे महंगे कृषि उपकरणों पर भी दिखेगा। सीएम ने बताया कि अब 9 लाख रुपए के ट्रैक्टर पर 65,000 रुपए की बचत होगी। छत्तीसगढ़ के किसानों को 200 करोड़ रुपए से अधिक का फायदा होगा।
महंगाई में राहत, आम आदमी को सस्ता जीवन
सरकार ने रोजमर्रा की जरूरत की चीज़ों पर भी टैक्स घटाया है, जिससे खाद्य सामग्री और घरेलू उत्पाद सस्ते होंगे। इससे आम जनता को महंगाई के दौर में राहत मिलेगी।
कोयला और लघुवनोपज पर भी असर
कोयला उद्योग से जुड़ी बची हुई टैक्स दरों को खत्म कर दिया गया है, जिससे राज्य को सीधे राजस्व का लाभ होगा। साथ ही, लघु वनोपज से जुड़ी चीज़ें सस्ती होंगी, जिससे आदिवासी क्षेत्रों में भी फायदा पहुंचेगा।
“गुड एंड सिंपल टैक्स” की शुरुआत: सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जीएसटी 2.0 को “गुड एंड सिंपल टैक्स” करार दिया और कहा कि यह आर्थिक क्रांति का अगला कदम है, जो आत्मनिर्भर भारत की ओर एक और मजबूत कदम साबित होगा।
Live :- पत्रकार वार्ता https://t.co/22KZXS5iot
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) September 12, 2025
