मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : एक दिन में 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह, रायपुर में सीएम साय की मौजूदगी में 1,316 जोड़ों ने लिए सात फेरे
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मंगलवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रदेशभर में एक ही दिन में 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इस महाआयोजन का मुख्य कार्यक्रम रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में 1,316 जोड़ों का विवाह कराया गया।
कार्यक्रम में दिखी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक एवं निगम-मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधि पारंपरिक साफा बांधकर बाराती के रूप में नजर आए। मुख्यमंत्री ने मंच से नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से इस आयोजन से जुड़े।
योजना के तहत आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक विवाहित जोड़े के खाते में 35 हजार रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा रही है। इसके अलावा 15 हजार रुपये विवाह आयोजन और उपहार सामग्री पर व्यय किए गए हैं।
विभिन्न समाजों और आत्मसमर्पित नक्सलियों का भी विवाह
इस सामूहिक विवाह में सामाजिक समरसता की अनूठी झलक देखने को मिली। इनमें 6,281 हिंदू रीति, 10 बैगा जनजाति, 3 मुस्लिम, 5 बौद्ध, 13 ईसाई समाज के जोड़े शामिल रहे। खास बात यह रही कि 6 आत्मसमर्पित पूर्व नक्सलियों के विवाह भी इसी आयोजन में कराए गए। गरियाबंद में 4, जबकि सुकमा और दंतेवाड़ा में एक-एक जोड़े का विवाह संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने गरियाबंद के आत्मसमर्पित नक्सली दंपति से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ भी किया। पहले चरण में 6 माह से 52 माह तक के 40 हजार कुपोषित बच्चों को इस अभियान में शामिल किया जाएगा। इसकी शुरुआत बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिलों से होगी।

मंच से हल्का-फुल्का मजाक
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मंच से मजाकिया अंदाज में कहा कि इसी मंच पर युवा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का विवाह कराने की भी इच्छा थी, लेकिन उन्हें कन्या नहीं मिली। उन्होंने कहा कि अगली बार कन्या विवाह आयोजन में उनका विवाह भी कराया जाएगा, जिस पर मंच पर मौजूद लोग मुस्कुरा उठे।
मुख्यमंत्री साय का संबोधन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। एक ही दिन में 6,412 जोड़ों ने नया जीवन शुरू किया, जिससे राज्य ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान बनाया। उन्होंने बताया कि यह योजना वर्ष 2005 में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू हुई थी, जिसने बेटियों की शादी को लेकर परिवारों की आर्थिक चिंता को दूर किया।
नक्सलवाद पर पूर्व मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नक्सलवाद संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनके बयान तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ आकर समीक्षा की, जिसमें सामने आया कि देश का 75 प्रतिशत नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में केंद्रित है, जबकि शेष अन्य राज्यों में फैला हुआ है।
read more : फेयरवेल पार्टी में कार बोनट पर स्टंटबाजी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
