Ujjwala Yojana: उज्ज्वला योजना से रोशन होगा छत्तीसगढ़, 1.59 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

Chhattisgarh Ujjwala Yojana

Chhattisgarh Ujjwala Yojana

रायपुर। Ujjwala Yojana: प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 1.59 लाख माताओं और बहनों के चेहरों पर खुशियों की रोशनी फैलने वाली है। भारत सरकार ने देशभर में 25 लाख नए एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत किए हैं, जिनमें से 1.59 लाख कनेक्शन छत्तीसगढ़ को मिलेंगे। यह वितरण “सुशासन तिहार” और “नियद नेल्ला नार योजना” के अंतर्गत किया जाएगा।

इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना है ताकि वे प्रदूषण रहित वातावरण में जीवन जी सकें। यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जीवन गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि —

“उज्ज्वला योजना ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में जो उजाला फैलाया है, वह समाज के विकास की नई नींव बनेगा।”

सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति सदैव परिवार और समाज की आधारशिला रही है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से उन्हें न केवल स्वच्छ ईंधन मिल रहा है, बल्कि सम्मान और आत्मनिर्भरता का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर पात्र बहन तक इस योजना का लाभ पहुंचाया जाए।

उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार के इस निर्णय से छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में जीवन की गुणवत्ता में बड़ा सुधार आएगा। विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की महिलाएं अब धुएं और प्रदूषण से मुक्त वातावरण में जीवन यापन कर सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ की लगभग 38 लाख महिलाएं पहले से ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ ले रही हैं। अब नई स्वीकृति के साथ यह संख्या और बढ़ेगी, जिससे प्रदेश की माताओं-बहनों के जीवन में नई रोशनी आएगी।

Youthwings