छत्तीसगढ़ में सर्दी का कहर, रायपुर समेत कई जिलों में गिरा पारा, 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
रायपुर। राजधानी समेत पूरे छत्तीसगढ़ में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 13 दिसंबर तक प्रदेश के 17 जिलों में शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं और अगले दो दिनों तक ठंड और बढ़ सकती है।
रायपुर और अन्य शहरों में तापमान
रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम 11.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 0.3 और 2.8 डिग्री कम है। सुबह-शाम गलन बढ़ गई और हवा की गति औसतन दो किमी प्रति घंटा रही।
बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, पेंड्रारोड और जगदलपुर में भी पारा तेजी से गिरा। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री रहा, जबकि दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक है।
17 जिलों में शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक इन 17 जिलों में शीत लहर चलने की संभावना जताई है:
गौरेला-पेण्ड्रा-मारवाही, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा।
कई शहरों में 10 डिग्री से नीचे तापमान
उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में पारा लगातार गिर रहा है। कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है।
मैनपाट: रात का तापमान 4 डिग्री से नीचे, ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गईं।
अंबिकापुर: 5.0 डिग्री
पेंड्रा: 8.6 डिग्री
जगदलपुर: 9.1 डिग्री
दुर्ग: 9 डिग्री
राजनांदगांव: 9.5 डिग्री
अगले दो दिनों का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभागों के जिलों में अगले दो दिनों तक एक-दो स्थानों पर शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है। आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
रायपुर में 12 दिसंबर को दिनभर हल्के बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
