Chhattisgarh Triple Murder Case: धमतरी में ढाबे पर तीन युवकों की हत्या, मामूली विवाद में चला चाकू, 8 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Triple Murder Case

Chhattisgarh Triple Murder Case

Chhattisgarh Triple Murder Case: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मथुराडीह मोड़ के पास स्थित न्यू अन्नपूर्णा ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट में रायपुर से आए तीन युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी झड़प का रूप ले लिया। इस घटना में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कुछ नाबालिग भी शामिल हैं।

मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप

जानकारी के मुताबिक, आधी रात को ढाबे में पहले से मौजूद कुछ स्थानीय युवकों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान रायपुर से आए पांच युवक वहां पहुंचे और किसी तरह इस विवाद में शामिल हो गए। थोड़ी ही देर में मथुराडीह मोड़ के पास 8 से 10 लड़कों ने रायपुर के तीन युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में नितिन तांडी, सुरेश तांडी और आलोक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों सुमित नगर नहर पारा के रहने वाले और पेशे से पेटी कांट्रेक्टर थे।

दो युवक जान बचाकर भागे

इस हमले में रायपुर से आए दो अन्य युवक भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि रायपुर से कुल पांच लोग धमतरी पहुंचे थे। घटना के बाद ढाबे में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

इस वारदात ने पूरे धमतरी जिले को हिला कर रख दिया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोग इस घटना से सहमे हुए हैं।

Youthwings