Chhattisgarh Train Cancellation News: 4 से 26 अप्रैल तक रेल सेवाएं प्रभावित, छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 14 ट्रेनें रद्द

Chhattisgarh Train Cancellation News: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया स्टेशन पर बड़े स्तर पर ट्रैक सुधार कार्य शुरू किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर बने वॉशेबल एप्रन को हटाकर उसकी जगह बैलेस्टेड ट्रैक तैयार किया जाएगा। इस कार्य के लिए रेलवे प्रशासन ने करीब 20 दिनों का ब्लॉक लिया है, जिसके चलते 4 अप्रैल से 26 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह काम सुरक्षा, ट्रेनों की गति और परिचालन सुविधा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने का आग्रह किया है।

लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित

इस अवधि में शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, कोरबा-अमृतसर, अमृतसर-बिलासपुर, हज़रत निजामुद्दीन-रायगढ़, रायगढ़-हज़रत निजामुद्दीन, विशाखापत्तनम-हज़रत निजामुद्दीन सहित कई प्रमुख एक्सप्रेस गाड़ियां अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी।

इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार और शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस भी निर्धारित तारीखों में नहीं चलेंगी।

पैसेंजर और मेमू-डेमू सेवाएं भी बंद

बल्लारशाह-गोंदिया मेमू, गोंदिया-कटंगी डेमू समेत कई लोकल ट्रेनों को भी 5 अप्रैल से 25 या 26 अप्रैल तक रद्द किया गया है। इससे दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी होने की संभावना है।

कुछ ट्रेनें गंतव्य से पहले ही समाप्त

कुछ पैसेंजर ट्रेनें अपने अंतिम स्टेशन तक नहीं जाएंगी और बीच के स्टेशन हिरदामाली या दुर्ग में नियंत्रित की जाएंगी। उदाहरण के तौर पर बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस 5 से 25 अप्रैल तक दुर्ग में ही समाप्त होगी, जबकि गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस भी इसी अवधि में दुर्ग तक ही चलेगी।

रेलवे ने साफ किया है कि यह अस्थायी असुविधा भविष्य में बेहतर और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अपडेट लेकर ही यात्रा की योजना बनाएं।

Youthwings