छत्तीसगढ़ में 16 जून से शुरू होगा नया शिक्षण सत्र, शाला प्रवेश उत्सव को लेकर तैयारियां तेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नया शिक्षण सत्र 16 जून से शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में राज्य के सभी कलेक्टरों, मिशन संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है, जिसमें शाला प्रवेश उत्सव को प्रभावशाली तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप होगा आयोजन
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू कर दिया गया है। इसके तहत छात्रों को स्वच्छ, सुंदर और प्रेरणादायक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसी सोच को साकार करने के लिए 16 जून से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन सभी जिलों और स्कूलों में किया जाएगा।
साफ-सफाई और मरम्मत कार्य 10 जून तक पूरे करने के निर्देश
प्रवेश उत्सव से पहले स्कूलों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत को प्राथमिकता दी गई है। सभी स्कूल भवनों, परिसर और कक्षाओं की मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य 10 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही स्कूल परिसर को प्रिंट-रिच वातावरण से सजाने और उसे बच्चों के लिए आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया गया है।
प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान
प्रवेश उत्सव को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए बैनर-पोस्टर, रैली और मुनादी जैसे प्रचार माध्यमों का सहारा लेने को कहा गया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जा सके।
जनप्रतिनिधियों और पालकों की भागीदारी अनिवार्य
शाला प्रवेश उत्सव में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और अभिभावकों की भागीदारी को आवश्यक बताया गया है। इसका उद्देश्य समुदाय को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना और बच्चों के भविष्य को सामूहिक रूप से संवारने की दिशा में कदम बढ़ाना है।
चार स्तरों पर मनाया जाएगा प्रवेश उत्सव
शाला प्रवेश उत्सव को शाला स्तर, संकुल स्तर, ब्लॉक स्तर और जिला स्तर पर मनाने की योजना है। इससे न केवल स्कूली माहौल में उत्साह पैदा होगा बल्कि शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत से ही एक सकारात्मक शैक्षिक वातावरण का निर्माण भी होगा।
आंगनबाड़ी से पहली कक्षा के लिए नामांकन शुरू
शाला शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि कक्षा पहली के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों से बच्चों की सूची प्राप्त कर ली जाए और उनके नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। साथ ही छात्रों की उपस्थिति पंजिका पहले से ही संधारित करने को कहा गया है, ताकि सत्र शुरू होते ही शैक्षणिक कार्य में कोई विलंब न हो।

