छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में पहली बार भारतीय वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन, सूर्यकिरण टीम दिखाएगी हवाई करतब

रायपुर: छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्ष को यादगार बनाने के लिए इस बार का राज्योत्सव बेहद खास होने वाला है। 1 से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय भव्य आयोजन में भारतीय वायुसेना अपनी शौर्य क्षमता का प्रदर्शन करेगी। पहली बार ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम’ रायपुर की हवा में रंग-बिरंगे करतब दिखाएगी, जो दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव होगा।

एक दर्जन विमान दिखाएंगे हैरतअंगेज स्टंट

जानकारी के मुताबिक, एयर शो में करीब 12 विमान भाग लेंगे, जिनमें 9 होंगे सूर्यकिरण टीम के हॉक टी-1 फाइटर जेट्स। ये विमान आकाश में तिरंगा बनाते हुए, दिल के आकार जैसी रोमांचक आकृतियाँ बनाकर दर्शकों का मन मोह लेंगे। इनका करतब देखने हजारों की संख्या में लोग जुट सकते हैं।

वायुसेना की टीम 2 नवंबर से 7 नवंबर तक रहेगी तैनात

इस आयोजन के लिए वायुसेना का एक बड़ा दल छत्तीसगढ़ पहुंचेगा। इसमें पायलट, क्रू मेंबर और करीब 90 वायुसैनिक शामिल होंगे। इन सभी के रुकने, ठहरने और काम करने की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। स्टेट हैंगर में ऑफिस और विश्राम कक्ष के लिए 9 कमरे मांगे गए हैं। हर दिन की उड़ान के बाद, सभी क्रू को हैंगर में ही विश्राम दिया जाएगा। इसके अलावा दल के लिए 30 वाहनों की व्यवस्था की मांग भी की गई है।

रफ्तार और रोमांच का संगम होगा एयर शो

सूर्यकिरण विमानों की रफ्तार 150 से 650 किमी प्रति घंटा तक होती है। तीन-तीन और दो-दो के सेट में उड़ते हुए ये विमान हवा में Y-फॉर्मेशन, हार्ट शेप, और तिरंगे के रंगों से भरी लकीरें बनाते हैं। यह प्रदर्शन युवाओं और बच्चों के लिए प्रेरणा और रोमांच दोनों का स्रोत बनेगा।

एयर शो के लिए सेंध जलाशय स्थल सबसे उपयुक्त

राज्योत्सव के इस विशेष आयोजन के लिए टोही सर्वेक्षण किया गया था। इसमें बाल्को मेडिकल सेंटर के पास के मैदान और सेंध जलाशय क्षेत्र को देखा गया। वायुसेना और राज्य प्राधिकरणों की टीम ने मिलकर सेंध जलाशय के पास के स्थान को एयर शो के लिए सबसे उपयुक्त पाया है।

राज्योत्सव अब 5 दिन का, PM और उपराष्ट्रपति होंगे शामिल

इस बार राज्योत्सव को 3 दिन से बढ़ाकर 5 दिन कर दिया गया है। 1 नवंबर को उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे, जबकि 5 नवंबर को समापन समारोह में उपराष्ट्रपति की उपस्थिति तय मानी जा रही है। राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इस बार का आयोजन अभूतपूर्व और ऐतिहासिक होगा।

Youthwings