छत्तीसगढ़ ने जल संरक्षण में बनाया नया कीर्तिमान: JSJB 1.0 में मिला राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान, रायपुर नगर निगम को मिला प्रथम पुरस्कार

छत्तीसगढ़ ने जल संरक्षण में बनाया नया कीर्तिमान

छत्तीसगढ़ ने जल संरक्षण में बनाया नया कीर्तिमान

रायपुर : छत्तीसगढ़ ने जल संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है। जल संचय जनभागीदारी 1.0 (JSJB) के परिणामों में प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। इस पहल के तहत प्रदेश में अब तक 4,05,563 कार्य पूरे किए गए हैं, जिसने जल संरक्षण को एक जन-आंदोलन में परिवर्तित कर दिया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी प्रदेशवासियों को बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल-संपदा की नींव है। उन्होंने इसे प्रदेश की सामूहिक चेतना का प्रमाण बताया, जिसने छत्तीसगढ़ को देश के लिए प्रेरणा स्रोत बना दिया है। साथ ही शहरी निकायों में भी प्रदेश की श्रेष्ठता को स्वीकार करते हुए रायपुर नगर निगम को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

जिलेवार प्रदर्शन और पुरस्कार वितरण

जिला स्तर पर भी प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया है। कैटेगरी-1 में बालोद ने प्रथम स्थान, राजनांदगांव ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इन जिलों को ₹2-2 करोड़ की राशि पुरस्कार स्वरूप मिलेगी। कैटेगरी-2 में महासमुंद, बलौदा बाजार और गरियाबंद को ₹1-1 करोड़ जबकि कैटेगरी-3 में बिलासपुर, रायगढ़, बलरामपुर, धमतरी, सुरजपुर और दुर्ग को ₹25-25 लाख का पुरस्कार मिलेगा। यह स्पष्ट करता है कि पूरे प्रदेश में जल संरक्षण को प्राथमिकता के साथ अपनाया गया है।

जनभागीदारी से संभव हो रहा जनकल्याण

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हर किसान, महिला, युवा और जनप्रतिनिधि का है, जिन्होंने पानी की हर बूंद बचाने का संकल्प लिया। उन्होंने यह भी कहा कि जनभागीदारी ही जनकल्याण की कुंजी है, जिसे छत्तीसगढ़ ने सफलतापूर्वक सिद्ध कर दिखाया है। यह उपलब्धि ‘जन-संवाद एवं जनभागीदारी आधारित सुशासन नीति’ का प्रत्यक्ष परिणाम है।

शहरी क्षेत्रों में भी छत्तीसगढ़ की मिसाल

रायपुर नगर निगम ने पूरे देश में जल संरक्षण के क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। मुख्यमंत्री ने निगम प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सराहना की और इसे शहरी विकास का मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि यह सामुदायिक सहयोग का उदाहरण अन्य नगर निगमों के लिए भी प्रेरणादायक है।

Youthwings