छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025: पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ , उपराष्ट्रपति होंगे समापन समारोह में मुख्य अतिथि

रायपुर – छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2025 को खास बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को नई दिल्ली में देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति को 5 नवंबर को नया रायपुर में आयोजित समापन समारोह में आने का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उपराष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात होगी और यह समारोह को यादगार बना देगी। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी इस बैठक में मौजूद रहे।

पीएम मोदी करेंगे राज्योत्सव का शुभारंभ

राज्य सरकार की योजना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य आयोजन का उद्घाटन करेंगे। यह राज्योत्सव पाँच दिनों तक चलेगा और इसमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति, इतिहास और विकास को प्रदर्शित किया जाएगा।

विधानसभा भवन लोकार्पण और सम्मान समारोह

राज्योत्सव के दौरान नवनिर्मित विधानसभा भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। इसके अलावा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा। प्रधानमंत्री द्वारा राज्य को कई विकास परियोजनाओं की सौगातें देने की भी संभावना है।

Youthwings