Chhattisgarh Morning News: सीएम साय आज रहेंगे गृह जिले में, सोहरई करमा महोत्सव में होंगे शामिल; केमिस्ट भर्ती, नर्सिंग एडमिशन और खेल जगत से जुड़ी बड़ी खबरें

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रहेंगे गृह जिले में, सोहरई करमा महोत्सव में शामिल होंगे

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृह जिले के दौरे पर रहेंगे। वे ग्राम कन्डोरा (गोकुला आमा बगीचा) में आयोजित सोहरई करमा महोत्सव 2025 में शामिल होकर सभा को संबोधित करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:40 बजे रायपुर स्थित निवास से रवाना होंगे और 11:45 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1:10 बजे वे कन्डोरा पहुंचेंगे और 1:15 बजे अखिल भारतीय रौतिया समाज विकास परिषद् द्वारा आयोजित महासम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद 2:50 बजे हेलीकॉप्टर से कांसाबेल के बगिया के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री का आज रात बगिया के निज निवास में विश्राम रहेगा, वहीं 20 अक्टूबर का पूरा दिन भी वहीं आरक्षित रहेगा।

PHE विभाग में केमिस्ट पदों पर भर्ती — आवेदन 22 अक्टूबर तक

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में केमिस्ट के पदों पर भर्ती के लिए व्यापमं द्वारा आवेदन प्रक्रिया जारी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर शाम 5 बजे तक तय की गई है। आवेदन में गलती सुधारने का मौका 23 से 25 अक्टूबर तक दिया जाएगा।
इस भर्ती परीक्षा का आयोजन 21 दिसंबर को किया जाएगा, जो सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक चलेगी। प्रवेश पत्र 15 दिसंबर को व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। किसी भी उम्मीदवार को डाक के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। परीक्षा केंद्र प्रदेश के सभी पांच संभागीय मुख्यालयों में बनाए जाएंगे।

21 अक्टूबर को रायपुर में नहीं बिकेगा मांस-मटन

महावीर निर्वाण दिवस पर 21 अक्टूबर को रायपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र में मांस और मटन की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। राज्य शासन के आदेश के पालन में निगम स्वास्थ्य विभाग ने पशुवध गृहों और मांस-मटन की सभी दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी तृप्ति पाणिग्रही ने बताया कि जोन स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में दुकानों की निगरानी करेंगे ताकि आदेश का पूर्ण पालन हो सके।

रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में छत्तीसगढ़ को राजस्थान ने 9 विकेट से हराया

रणजी ट्रॉफी 2025 के पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ टीम को राजस्थान ने 9 विकेट से पराजित कर दिया। यह मैच राजसमंद के मीराज स्पोर्ट्स सेंटर में 15 से 18 अक्टूबर तक खेला गया। पहली पारी में छत्तीसगढ़ ने 332 रन बनाए, जबकि राजस्थान ने 386 रन बनाकर 54 रनों की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में छत्तीसगढ़ की टीम मात्र 109 रन पर सिमट गई। राजस्थान के गुगली गेंदबाज मानव सुधार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 11 विकेट झटके। छत्तीसगढ़ की ओर से रवि किरण ने 4, सौरभ मजूमदार और वासुदेव बरेठ ने 3-3 विकेट लिए। जबकि राजस्थान की ओर से दीपक हुड्डा ने 130 रन की शानदार पारी खेली।

दीपावली के बीच नर्सिंग कॉलेजों में स्क्रूटनी और एडमिशन प्रक्रिया आज से शुरू

बीएससी नर्सिंग कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया दीपावली की छुट्टियों के बीच आज से शुरू हो गई है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार, स्क्रूटनी 19 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक चलेगी। विभाग ने कॉलेजों को निर्देश दिया है कि निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी करें। हालांकि दीपावली के दौरान इन तिथियों में कार्य होने से अभ्यर्थियों और कॉलेज संचालकों में नाराजगी है। निर्देश के अनुसार स्क्रूटनी और एडमिशन प्रक्रिया आबंटित संस्था में ही की जाएगी, और प्रवेश रसीद जारी होने पर ही एडमिशन मान्य होगा।

आज रायपुर और आसपास के इलाकों में होंगे कई सांस्कृतिक कार्यक्रम

पॅहट वाॅट मिलन समारोह: महाराष्ट्र मंडल भवन, चौबे कॉलोनी — सुबह 6 बजे से

उर्स पाक सूफियाना महफिल: हजरत सैयद बंदे अली शाह दरगाह परिसर — फातिहा सुबह 9 बजे से, महफिल रात 9 बजे से

राष्ट्रीय शिल्प सरोवर मेला: बीटीआई ग्राउंड शंकरनगर — दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक

विराट कवि सम्मेलन (ग्राम नारा, आरंग): महामाया चौक — शाम को नशा मुक्ति और जनजागरण पर आधारित कवि सम्मेलन

लक्ष्मी प्रतिमा स्थापना (आरंग): भांडदेवल पारा, आजाद चौक — मां दंतेश्वरी महालक्ष्मी उत्सव समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम

Youthwings