Chhattisgarh Morning News: CM साय जशपुर दौरे पर, SME उद्यमियों का एक्सपोजर विजिट आज से, उपमुख्यमंत्री साव पेश करेंगे रिपोर्ट कार्ड
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को अपने गृह जिले जशपुर के दौरे पर रहेंगे। सुबह 11 बजे वे ग्राम सामरबार में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12.40 बजे ग्राम दोकड़ा में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन करेंगे।
दोपहर 1.50 बजे मुख्यमंत्री ग्राम ढूढरुडांड पहुंचेंगे, जहां आयोजित अखिल भारतीय आदिवास कंवर समाज विकास समिति के वार्षिकोत्सव में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री आज जशपुर स्थित अपने निज निवास ग्राम बगिया में रात्रि विश्राम करेंगे।
SME उद्यमियों का दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट आज से
राज्य के सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों (SME) की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन आज से 30 दिसंबर तक किया जा रहा है। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार की RAMP योजना के तहत आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य एसएमई उद्यमियों को बड़े औद्योगिक संस्थानों से जोड़ना है।
जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड, रायगढ़ में आयोजित इस एक्सपोजर विजिट में स्टील और आयरन उद्योग से जुड़े चयनित एसएमई उद्यमी भाग लेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज पेश करेंगे विभागीय रिपोर्ट कार्ड
साय सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभागीय उपलब्धियों को सामने रखा जा रहा है। इसी क्रम में आज उपमुख्यमंत्री अरुण साव प्रेस वार्ता करेंगे। इस दौरान वे अपने विभागों की दो वर्षों की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेंगे। प्रेस वार्ता दोपहर 1 बजे संवाद कार्यालय में आयोजित होगी।
तमनार हिंसा मामले में कांग्रेस की 9 सदस्यीय जांच कमेटी
रायपुर। रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक स्थित धौराभाठा गांव में गारे पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक को लेकर हुए हिंसक घटनाक्रम की जांच के लिए कांग्रेस ने 9 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अनुशंसा पर गठित इस कमेटी के संयोजक पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू बनाए गए हैं। कमेटी में पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, विधायक उमेश पटेल, लालजीत सिंह राठिया, इंद्रशाह मंडावी, उत्तरी जांगड़े, जनक ध्रुव, रायगढ़ जिला अध्यक्ष नागेंद्र नेगी और सीसी अध्यक्ष रायगढ़ शाखा यादव को सदस्य बनाया गया है।
कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू के हस्ताक्षर से जारी आदेश में कमेटी को तत्काल क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात करने और घटना की वस्तुस्थिति पर रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि भू-अधिग्रहण और प्रस्तावित उत्खनन परियोजना के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झूमाझटकी हुई थी, जिसके बाद हालात हिंसक हो गए थे।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
राजधानी रायपुर में आज 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, भागवत पुराण ज्ञान यज्ञ और सूर्योपासना महापर्व सहित कई धार्मिक आयोजन होंगे।
