Tatanagar Ernakulam Express Train Fire: टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के 2 एसी कोच में भीषण आग, दोनों कोच में 158 यात्री थे सवार

Tatanagar Ernakulam Express Train Fire: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम जिले के यलमंचिली क्षेत्र में सोमवार तड़के बड़ा रेल हादसा हो गया। टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो एसी कोच में अचानक आग लग गई, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई। यह घटना विशाखापट्टनम से करीब 66 किलोमीटर दूर हुई।

पुलिस के अनुसार, ट्रेन में आग लगने की सूचना रात 12:45 बजे मिली थी। जिस समय आग लगी, उस दौरान प्रभावित दोनों एसी कोच में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि एक कोच में 82, जबकि दूसरे कोच में 76 यात्री मौजूद थे। हादसे के बाद बी1 कोच से एक यात्री का शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। आग से क्षतिग्रस्त दोनों कोचों को तत्काल ट्रेन से अलग कर दिया गया, जबकि शेष ट्रेन को आगे एर्नाकुलम के लिए रवाना कर दिया गया।

प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। वहीं आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए दो फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन टाटानगर से एर्नाकुलम की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन के B1 कोच में आग लगी, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान लोको पायलट ने स्टेशन के पास ट्रेन में उठती आग की लपटें देखीं और तुरंत ट्रेन रोक दी। लोको पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

आग लगते ही रेलवे कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए प्रभावित कोचों को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे आग अन्य बोगियों तक नहीं फैल सकी।

सोशल मीडिया पर सामने आया भयावह मंजर

घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की बोगियां भीषण आग की लपटों में घिरी हुई हैं। फायर ब्रिगेड की टीमें वाटर कैनन के जरिए आग बुझाने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच दहशत और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया।

फिलहाल स्थिति पर काबू पा लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Youthwings