Chhattisgarh Morning News: आज राजधानी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की व्यस्त दिनचर्या, 15 अगस्त तक रद्द रहेंगी 4 ट्रेनें, दिल्ली से लौटेंगे पीसीसी चीफ दीपक बैज, शुरू होगी पीएम सूर्य घर योजना के पंजीयन शिविर

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज कई अहम गतिविधियों का केंद्र बनने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सुबह 11 बजे वे डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे मंत्रालय में सीएम फेलोशिप योजना के छात्रों से मुलाकात करेंगे। शाम 4 बजे महाराजा अग्रसेन कॉलेज पहुंचेंगे, जहां वे पद्मश्री स्वर्गीय सुरेंद्र दुबे की पुस्तक “मैं छत्तीसगढ़ बोलता हूं” का विमोचन करेंगे।

15 अगस्त तक रद्द रहेंगी 4 मेमू ट्रेनें

संबलपुर रेलवे स्टेशन में यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण यात्रियों को ट्रेनों की सुविधा में दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। रेलवे द्वारा 6 से 15 अगस्त तक ब्लॉक लिया गया है, जिसके चलते चार महत्वपूर्ण पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

  • 14 अगस्त को बिलासपुर-टिटिलागढ़ पैसेंजर

  • 15 अगस्त को टिटिलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर

  • 14 अगस्त को टिटिलागढ़-रायपुर पैसेंजर

  • 15 अगस्त को रायपुर-टिटिलागढ़ पैसेंजर
    इन ट्रेनों की रद्दीकरण से संबलपुर, रायपुर और बिलासपुर के यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ेगा।

दिल्ली से लौटेंगे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज दोपहर 2 बजे दिल्ली से रायपुर लौटेंगे। दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से संगठन सृजन अभियान पर चर्चा की। साथ ही एआईसीसी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से संगठन विस्तार पर भी विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट से भी मुलाकात की।

रायपुर में शुरू होगा पीएम सूर्य घर योजना शिविर

आज से रायपुर में पीएम सूर्य घर योजना के पंजीयन के लिए शिविरों की शुरुआत होगी। शिविर का उद्घाटन सीएसपीडीसीएल के चेयरमैन डॉ. रोहित यादव करेंगे। इन शिविरों में रूफटॉप सोलर पावर प्लांट लगाने वाले वेंडर स्टॉल लगाएंगे, वहीं त्वरित ऋण सुविधा के लिए बैंक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्रदेशभर में इन शिविरों के जरिए आम उपभोक्ताओं और पावर कंपनी के कर्मचारियों का पंजीयन कराया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव का मुंगेली दौरा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली जिले का दौरा करेंगे। वे सुबह 9.30 बजे रवाना होकर गौ सेवा अभियान में भाग लेंगे। इसके बाद लोरमी में दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड साइकिल वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे शाम 6 बजे राजधानी रायपुर लौटेंगे।

Youthwings