Chhattisgarh Morning News: सीएम साय का व्यस्त कार्यक्रम, WRS ग्राउंड में जलेगा 101 फीट ऊंचा रावण, निकलेगा संघ का पथ संचलन, पढ़ें दिनभर का शेड्यूल
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। Chhattisgarh Morning News: विजयादशमी के अवसर पर राजधानी रायपुर और प्रदेशभर में गुरुवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्यपाल रमेन डेका सहित कई मंत्री व जनप्रतिनिधि इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
सीएम विष्णुदेव साय का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11:10 बजे आजाद चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद 11:25 बजे वे शास्त्री चौक स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। शाम 6:20 बजे सीएम साय WRS कॉलोनी में आयोजित रावण दहन में शामिल होंगे। इसके बाद रात 7:50 बजे रावणभाठा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। रात 8:40 बजे वे अपने निवास लौट आएंगे।
WRS ग्राउंड में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन
विजयादशमी का मुख्य आयोजन रायपुर के WRS ग्राउंड में होगा। यहां 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री और विधायक शामिल होंगे। इसके साथ ही बीटीआई ग्राउंड, छत्तीसगढ़ नगर, सप्रे शाला मैदान, दलदल सिवनी सहित अन्य स्थानों पर भी रामलीला के बाद रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आतिशबाजी भी होगी।
संघ का पथ संचलन
विजयादशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) रायपुर महानगर अंतर्गत संघ शताब्दी वर्ष पर विशेष पथ संचलन निकालेगा। इसमें मुख्य रूप से डीडी नगर स्थित श्रीराम प्रभात शाखा से संचलन शुरू होगा। यह शाखा प्रांत संघचालक डॉ. टोपलाल वर्मा की मातृ शाखा है। मुख्य वक्ता क्षेत्र संघचालक डॉ. पूणेंदु सक्सेना होंगे और मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ी फिल्म निर्देशक सतीश जैन रहेंगे।
पर्यटन सूचना केंद्रों का शुभारंभ
आज राजनांदगांव और डोंगरगढ़ में पर्यटक सूचना केंद्रों का शुभारंभ किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। गौरव पथ स्थित चौपाटी पर शाम 5 बजे होने वाले कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और सांसद संतोष पांडे विशेष अतिथि रहेंगे। इन केंद्रों से यात्रियों को पर्यटन स्थलों, यात्रा मार्ग, ठहरने की सुविधा और स्थानीय संस्कृति की जानकारी मिल सकेगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव का दौरा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली और लोरमी के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 2 बजे नवा रायपुर से रवाना होंगे और शाम 4 बजे मुंगेली पहुंचेंगे। 5:30 बजे बीआर साव स्कूल मैदान में दशहरा उत्सव में भाग लेंगे और रात 7 बजे लोरमी हाईस्कूल में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे बिलासपुर में रात्रि विश्राम करेंगे।
कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम
प्रदेश कांग्रेस 3 अक्टूबर से संगठन सृजन कार्यक्रम की शुरुआत करेगी। इस कार्यक्रम के तहत नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी। सभी जिलों के पर्यवेक्षक रायपुर पहुंचकर अपने-अपने जिलों का दौरा करेंगे।
पारंपरिक रंगोली प्रशिक्षण कार्यशाला
रायपुर टाउनहॉल में 4 और 5 अक्टूबर को दो दिवसीय पारंपरिक रंगोली प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें पुणे के रघुराज देशपांडे और मुंबई के उमेश पांचाल मुख्य प्रशिक्षक रहेंगे। 15 वर्ष से अधिक उम्र के लोग इस कार्यशाला में भाग ले सकेंगे।
