Chhattisgarh Morning News: धमतरी को 245 करोड़ की सौगात, बिजली बिल पर प्रदर्शन, नगर निगम MIC बैठक, दंतेवाड़ा में प्लेसमेंट कैंप और आज के प्रमुख कार्यक्रम

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: धमतरी दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज धमतरी जिले का दौरा करेंगे। वे सबसे पहले सुबह 10:35 बजे डोंगरगढ़ दर्शन के लिए रवाना हो रही श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद सुबह 11:00 बजे धमतरी के लिए प्रस्थान करेंगे और 11:30 बजे महतारी सदन का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 12 बजे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान और 51 राज्य स्तरीय महतारी सदन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1:30 बजे वे धमतरी को 245 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत वाले विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगात देंगे।

करेलीबड़ी गांव में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायक अजय चंद्राकर और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी सदन योजना के तहत यह पहल की जा रही है।

बिजली बिल सहित अन्य समस्याओं पर आज प्रदर्शन
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी आज बिजली बिल वृद्धि, छूट योजना में कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर राज्यव्यापी प्रदर्शन करेगी। कार्यकर्ता सुबह 10 बजे रायपुर के राजीव गांधी चौक, मोतीबाग में एकत्र होकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

रायपुर नगर निगम में MIC की बैठक
महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक आज दोपहर 2 बजे महात्मा गांधी सदन के एमआईसी कक्ष में होगी। बैठक में संपत्ति नामांतरण की प्रक्रिया सरल बनाने, ऐतिहासिक टाउनहॉल के रिनोवेशन के बाद उसका किराया तय करने, नाला निर्माण की स्वीकृति और गरीबों की पेंशन संबंधी 100 से अधिक प्रकरणों पर चर्चा की जाएगी।

युवाओं के लिए रोजगार का मौका
जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, कारली में आज सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इसमें केपस्टोन फैसिलिटी मैनेजमेंट लिमिटेड (NSDC हैदराबाद) द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के 150, सुपरवाइजर के 20 और CCTV ऑपरेटर के 5 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार अपने शैक्षणिक दस्तावेजों और पासपोर्ट फोटो के साथ निःशुल्क कैम्प में शामिल हो सकते हैं।

रायपुर में आज के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

  • रानी सति दादी का मंगल पाठ – मारुति मंगलम भवन, गुढ़ियारी, दोपहर 2 बजे से।

  • रास गरबा – छत्तीसगढ़ी अग्रवाल भवन, पुरानी बस्ती, शाम 6 बजे से।

  • देवियों की चैतन्य झांकी – शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर, विधानसभा मार्ग सड्डू, शाम 6 से रात 10 बजे तक।

Youthwings