Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज का दिन होगा खास, सीएम साय करेंगे स्पेशल ट्रेन का शुभारंभ, कांग्रेस रैली का समापन और NHM कर्मियों का जेल भरो आंदोलन

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

रायपुर। Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की राजधानी और विभिन्न जिलों में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की हलचल देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे, वहीं शिक्षा विभाग की अहम बैठक, कांग्रेस की वोटर अधिकार रैली का अंतिम चरण और एनएचएम कर्मियों का जेल भरो आंदोलन दिनभर चर्चा में रहेंगे। इसके अलावा रायपुर शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से भी माहौल जीवंत रहेगा।

मुख्यमंत्री साय का व्यस्त दौरा

मुख्यमंत्री साय सुबह 11:30 बजे रायपुर से राजिम के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे वे “राजिम से रायपुर” के लिए स्पेशल ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे राजधानी लौटकर मंत्रालय में राज्योत्सव 2025 की तैयारियों पर समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर 3 बजे मंत्रालय महानदी भवन में होने वाली इस बैठक में अधिकारी राज्योत्सव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त करेंगे।

शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण बैठक

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आज सुबह 11 बजे मंत्रालय महानदी भवन में होगी। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की प्रगति, रिक्त पदों में भर्ती, स्कूलों के अधोसंरचना विकास और नई कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

कांग्रेस की वोटर अधिकार रैली का अंतिम चरण

कांग्रेस की वोटर अधिकार रैली का आज तीसरा और अंतिम दिन है। यह रैली आज राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई पहुंचेगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता इन सभाओं में शामिल होंगे। रैली का समापन भिलाई में होगा। कांग्रेस का दावा है कि वे इस अभियान के जरिए “वोट चोरी” का मुद्दा जनता तक पहुंचा रहे हैं।

NHM कर्मियों का हड़ताल और जेल भरो आंदोलन

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मियों की हड़ताल को एक महीना हो चुका है। सरकार की चेतावनी के बावजूद कर्मचारी काम पर नहीं लौटे हैं। प्रशासन ने अब तक सूरजपुर में 594, बलौदाबाजार और कोरबा में 200 से अधिक कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। आज नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर NHM कर्मचारी “जेल भरो आंदोलन” करेंगे।

रायपुर के सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन

  • अग्रसेन जयंती महोत्सव: छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज महिला मंडल द्वारा अग्रवाल भवन, पुरानी बस्ती में सुबह 10 बजे से रंगोली, मेहंदी, आरती थाल सजाओ, कुर्सी दौड़ और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन।

  • सांस्कृतिक कार्यक्रम: अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत दोपहर 3 बजे से अग्रसेन धाम, छोकरानाला में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

  • भेद विज्ञान साधना शिविर: जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक समाज एवं चातुर्मास समिति द्वारा पटवा भवन, टैगोर नगर में सुबह 8:30 से 11 बजे और दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक यह शिविर आयोजित होगा।

आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Youthwings