Chhattisgarh Morning News: आयुष्मान योजना में सबसे ज्यादा फर्जी क्लेम, हार्टफुलनेस संस्थान का सीएम को न्यौता, भूपेश का भाजपा पर हमला, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने थाने में दी शिकायत

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News:

आयुष्मान भारत योजना में छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक फर्जी क्लेम
रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की जनवरी 2025 में हुई बैठक में खुलासा हुआ कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सबसे अधिक फर्जी क्लेम (Fraud Claim) छत्तीसगढ़ में मिले हैं। देशभर में फर्जी क्लेम करने वाले अस्पतालों की संख्या में राज्य का चौथा स्थान है।
राजधानी रायपुर में न्यू सर्किट हाउस में आयोजित स्टेक होल्डर वर्कशॉप में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया और आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. प्रियंका शुक्ला मौजूद रहे। कटारिया ने कहा कि गलत क्लेम के कारण भुगतान में देरी होती है, जिससे ईमानदार अस्पताल भी प्रभावित होते हैं और गरीब मरीजों को इलाज पाने में परेशानी होती है।

हार्टफुलनेस संस्थान का सीएम को आमंत्रण
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से हार्टफुलनेस संस्थान के डायरेक्टर त्रिलोचन चावला ने मंत्रालय (महानदी भवन) में मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को हैदराबाद स्थित हार्टफुलनेस मुख्यालय आने का न्यौता दिया और संस्थान के प्रमुख कमलेश डी. पटेल ‘दाजी’ द्वारा लिखी जैन तीर्थंकरों पर आधारित पुस्तक भेंट की।

भूपेश बघेल का भाजपा सरकार पर तीखा हमला
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था, न्यूड पार्टी आयोजन, सूखे नशे के कारोबार और बिजली कटौती को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अश्लीलता और नशा ही भाजपा सरकार का सुशासन बन गया है।”
बघेल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उनकी ही स्वीकारोक्ति बताती है कि कानून व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने धान खरीदी में अव्यवस्था और बिजली संकट को लेकर भी सरकार को घेरा।

सचिन पायलट का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट 16 से 18 सितंबर तक तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उनके आगमन के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है। पायलट इस दौरान पार्टी के राज्यव्यापी अभियान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ में भाग लेंगे और आठ जिलों के कार्यक्रमों में सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष की थाने में शिकायत
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने राजधानी के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। हाल ही में एक प्रेस कांफ्रेंस में एक युवती ने उन पर शादी का प्रलोभन देकर बलात्कार का आरोप लगाया था। टिकरिहा ने आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए यह साजिश रची गई है। उन्होंने पुलिस से झूठे आरोप लगाने वाली युवती और उसके पीछे छिपे लोगों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।

Youthwings