Chhattisgarh Morning News: बिजली बिल हाफ योजना पर विवाद, कांग्रेस का आंदोलन, मंत्री यादव का गुजरात दौरा

रायपुर। Chhattisgarh Morning News: प्रदेश में उपभोक्ताओं को आ रहे दोगुने बिजली बिल को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने दावा किया कि बिजली बिल हाफ योजना को बंद करने का असर इस माह के बिलों में साफ दिख रहा है। पार्टी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने अब करीब हज़ार रुपए का अतिरिक्त झटका लग रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनहित को दरकिनार कर फैसला लिया, जिससे पहले ही महंगाई से जूझ रही जनता का बजट बिगड़ गया। शुक्ला ने कहा कि योजना बंद करने और स्मार्ट मीटर लगाने की वजह से प्रदेश भर से अत्यधिक बिलों की शिकायतें आ रही हैं। अडानी कंपनी के प्रीपेड मीटर लगाने की तैयारी से जनता पर और बोझ बढ़ेगा।

कांग्रेस का दावा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने विपरीत परिस्थितियों में भी 400 यूनिट तक हाफ बिल योजना लागू की थी। इससे उपभोक्ताओं को 5 साल में 40 से 50 हजार रुपये तक की बचत हुई थी। अब 100 यूनिट से ज्यादा खपत पर पूरा बिल देना पड़ रहा है।

सचिन पायलट की मौजूदगी में आंदोलन

मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव प्रणाली में कथित धांधली के खिलाफ कांग्रेस ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान के तहत 16 सितंबर से प्रदेशभर में माहौल बनाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट छह जिलों में पदयात्रा और सभाएं करेंगे।

तीन दिनों तक चलने वाले इस आंदोलन में मशाल रैली, छोटी-बड़ी जनसभाएं, हस्ताक्षर अभियान और बाइक रैलियां आयोजित होंगी। पायलट 16 सितंबर को रायगढ़ से आंदोलन की शुरुआत करेंगे और 18 सितंबर को दुर्ग एवं भिलाई में इसका समापन होगा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव सहित कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम की रूपरेखा:

16 सितंबर: रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान और सभा, कोरबा में मशाल रैली।

17 सितंबर: तखतपुर, मुंगेली और बेमेतरा में पदयात्रा व सभाएं।

18 सितंबर: राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में सभा, रैली और हस्ताक्षर अभियान।

शिक्षा मंत्री का गुजरात दौरा

प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव 15 से 17 सितंबर तक गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे शिक्षा क्षेत्र में हो रहे नवाचार और तकनीकी प्रयोगों का अध्ययन करेंगे। पहले दिन वे शिक्षा और विज्ञान से जुड़े प्रमुख संस्थानों का भ्रमण करेंगे और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। दूसरे दिन विज़िटर ऑफ़ एजुकेशन रिव्यू सेंटर और विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। 17 सितंबर को वे रायपुर लौटेंगे।

राजधानी में आज के कार्यक्रम

अग्रसेन जयंती महोत्सव

स्थान: छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज भवन, पुरानी बस्ती

समय: सुबह 11 बजे से

भेद विज्ञान साधना शिविर

संस्था: श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक समाज व चातुर्मास समिति

स्थान: पटवा भवन, टैगोर नगर

समय: सुबह 8:30 से 11 बजे और दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक

Youthwings