Chhattisgarh Morning News: मौसम अलर्ट जारी, CM साय का जशपुर दौरा, सरगुजा में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की शुरुआत

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज सुबह कई अहम अपडेट सामने आए हैं। मौसम विभाग ने जहां कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज जशपुर दौरा भी तय है। इसके साथ ही सरगुजा के अंबिकापुर में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आगाज होने जा रहा है।

मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

प्रदेश के कई दक्षिणी जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बस्तर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इन इलाकों में हल्की गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। यह अलर्ट सुबह 4 बजे जारी किया गया, जो सुबह 7 बजे तक प्रभावी रहेगा। लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जशपुर दौरा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर से रवाना होकर हेलीकॉप्टर के जरिए जशपुर पहुंचेंगे।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में आयोजित जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा इंडोर वॉल क्लाइम्बिंग हॉल, इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम और जशपुर क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ भी करेंगे।

मुख्यमंत्री रंजीता स्टेडियम में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे और कल्याण आश्रम अस्पताल का निरीक्षण भी करेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद वे शाम को रायपुर लौटेंगे।

सरगुजा में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आगाज

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में आज से खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत कुश्ती प्रतियोगिता शुरू हो रही है। गांधी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

इस प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कुल 144 पुरुष और महिला पहलवान भाग ले रहे हैं।

चार दिनों तक चलेगा खेल महाकुंभ

यह प्रतियोगिता 28 मार्च से 31 मार्च तक आयोजित की जाएगी। मुकाबले प्रतिदिन तीन चरणों में होंगे सुबह 8 से 9 बजे, सुबह 11 से दोपहर 2 बजे और शाम 4 बजे से समापन तक।

इस आयोजन का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती पर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के दर्शक भी इसका लाइव आनंद ले सकेंगे।

खेल विभाग ने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सरगुजा जिला इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है और अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति के साथ खिलाड़ियों के स्वागत के लिए उत्साहित है।

Youthwings