Chhattisgarh Morning News: रामनवमी पर मांस बिक्री बंद, मंदिरों में भक्ति माहौल, मौसम और शिक्षा पर बड़ी अपडेट
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: प्रदेश में आज सुबह से ही कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। रामनवमी के अवसर पर जहां एक तरफ धार्मिक माहौल देखने को मिल रहा है, वहीं प्रशासनिक फैसलों और मौसम को लेकर भी बड़े अपडेट सामने आए हैं।
रामनवमी पर मांस-मटन बिक्री पर पूरी तरह रोक
रामनवमी और आगामी 31 मार्च को महावीर जयंती के मद्देनजर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में आज मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी किया है कि सभी पशुवध गृह और मांस की दुकानें बंद रहेंगी।
नगर निगम के जोन और स्वच्छता अधिकारियों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी होटल या दुकान में मांस बिक्री करते पाया गया, तो जप्ती और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मंदिरों में विशेष पूजा और भव्य आयोजन
रामनवमी के मौके पर रायपुर के मंदिरों में खास आयोजन किए जा रहे हैं। VIP रोड स्थित श्रीराम मंदिर और जैतूसाव मठ में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जहां पारंपरिक झांकियां भी निकाली जाएंगी।
सदर बाजार के गोपाल मंदिर में पंचामृत स्नान के बाद भजन-कीर्तन जारी है। वहीं शांतिनगर में सुंदरकांड पाठ और दोपहर में महाप्रसाद वितरण का आयोजन रखा गया है। खास बात यह है कि जैतूसाव मठ में भगवान श्रीराम को 1100 किलो मालपुए का विशेष भोग लगाया जाएगा।
नए शिक्षा सत्र से बदलेगी स्कूल यूनिफॉर्म
छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र से स्कूली बच्चों की यूनिफॉर्म में बदलाव किया जा रहा है। हाथकरघा संघ ने बस्तर संभाग के पांच जिलों में यूनिफॉर्म की सप्लाई शुरू कर दी है।
इस साल 51 लाख से ज्यादा यूनिफॉर्म सेट वितरित किए जाएंगे। नई यूनिफॉर्म में बच्चों को ब्लू चेक शर्ट और स्लेटी पैंट या ट्यूनिक दी जाएगी। हालांकि, 44 लाख छात्रों की किताबों की छपाई अब तक शुरू नहीं हो पाई है, जो चिंता का विषय बना हुआ है।
मौसम ने बदला मिजाज, बारिश और आंधी का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में अंधड़, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। मध्य छत्तीसगढ़ में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
राजधानी रायपुर में उमस बढ़ गई है और तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी है।
