Chhattisgarh Morning News: दिल्ली दौरे पर रहेंगे सीएम विष्णुदेव साय, कांग्रेस भवन का होगा घेराव, कांग्रेस बनाएगी आंदोलन की रणनीति, पढ़ें दिनभर की अहम खबरें

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

रायपुर। Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। सुबह 8:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। यहां उनकी मुलाकात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से हो सकती है। इस दौरान वे बस्तर के बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति और छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर चर्चा कर सकते हैं। साथ ही जापान और दक्षिण कोरिया दौरे से जुड़े निवेश प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा।

भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस भवन घेराव

आज भाजपा महिला मोर्चा कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेगी। दरअसल, कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता को लेकर अपशब्द कहे जाने के विरोध में यह प्रदर्शन होगा। इस रैली की शुरुआत बीटीआई मैदान से आमसभा के साथ होगी, जिसके बाद कांग्रेस भवन का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस में आंदोलन रणनीति पर मंथन

कांग्रेस मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनाव प्रणाली में धांधली को लेकर आंदोलन की रणनीति तय करेगी। 3 सितंबर को राजीव भवन में दो बड़ी बैठकों का आयोजन होगा, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्षों और प्रदेश कार्यकारिणी से रायशुमारी की जाएगी। इस बैठक में “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान की समीक्षा, अब तक हुए आंदोलनों का मूल्यांकन और आगे की रणनीति तय की जाएगी। रायपुर समेत जिलों में कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी में जुटी है।

मंत्री लखनलाल करेंगे विभागीय समीक्षा

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन आज सुबह 11 बजे मंत्रालय में उद्योग विभाग की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में उद्योग विभाग से जुड़े कार्यों और निवेशकों के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा होगी।

यातायात महासंघ की बैठक आज

छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ की प्रदेश स्तरीय बैठक आज दोपहर 1 बजे राजधानी रायपुर स्थित मैग्नेटो मॉल के पीछे आयोजित होगी। इसमें प्रदेशभर के बस संचालक शामिल होंगे और अपनी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। परिवहन विभाग में नए मंत्री के रूप में केदार कश्यप की नियुक्ति के बाद बस संचालकों की उम्मीदें बढ़ी हैं।

अखिल भारतीय वन खेलकूद चयन स्पर्धा

उत्तराखंड में आयोजित होने वाली 28वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लिए छत्तीसगढ़ वन विभाग द्वारा खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। आज और कल रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में चयन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। चयनित खिलाड़ियों को उत्तराखंड भेजा जाएगा, जहां वे प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

Youthwings