Chhattisgarh Morning News: आज छत्तीसगढ़ में क्या-क्या होगा खास जानिए..
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में रविवार का दिन कई बड़े कार्यक्रमों और गतिविधियों से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री से लेकर भाजपा संगठन तक और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों तक, राजधानी रायपुर और नवा रायपुर में हलचल का माहौल रहने वाला है। आइए जानते हैं आज की बड़ी खबरें –
मुख्यमंत्री साय सुनेंगे ‘मन की बात’ कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 10:25 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से निकलेंगे और 10:50 बजे नवा रायपुर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर पहुंचेंगे। यहां वे सुबह 11 बजे ‘मन की बात’ सुनेंगे। इसके बाद 11:30 बजे कन्वेंशन सेंटर से रवाना होकर 11:55 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम की होगी शुरुआत
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ‘दीदी के गोठ’ नामक रेडियो कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह पहल ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक स्तर पर मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत तैयार यह कार्यक्रम 31 अगस्त को दोपहर 12:15 बजे प्रसारित होगा। यह न सिर्फ आकाशवाणी रायपुर बल्कि प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित किया जाएगा। साथ ही लोग इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी लाइव देख और सुन सकेंगे।
भाजपा पदाधिकारियों की पहली बैठक
भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली बैठक आज 31 अगस्त को सुबह 11:30 बजे भाजपा मुख्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) रायपुर में होगी। बैठक में राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन शामिल रहेंगे। प्रदेश प्रभारी नबीन शनिवार शाम राजधानी पहुंचे। इस बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय भी मौजूद रहेंगे।
स्कूल सफाई कर्मचारी करेंगे भाजपा कार्यालय का घेराव
अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी संघ आज भाजपा कार्यालय रायपुर का घेराव करेगा। संगठन ने बताया कि सभी कर्मचारी पहले नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर एकत्रित होंगे और फिर रैली निकालकर भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। उनकी प्रमुख मांगों में पूर्णकालिक कलेक्टर दर पर वेतन, सालभर 12 माह मानदेय, नियुक्ति पत्र जारी करना और कर्मचारियों को कार्य पर यथावत रखने जैसी मांगें शामिल हैं। संगठन ज्ञापन के जरिए सरकार को चुनावी वादे याद दिलाएगा।
आज रायपुर में होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
-
राधाष्टमी पर्व : राधा कृष्ण मंदिर समता कॉलोनी में दोपहर 12 बजे श्रृंगार, आरती और छप्पन भोग।
-
गीतों भरी सुरीली शाम : पार्श्व गायक स्व. मुकेश की पुण्यतिथि पर धुन फाउंडेशन का कार्यक्रम शाम 6:30 बजे मायाराम सुरजन हॉल में।
-
नृत्य व तीज सुंदरी स्पर्धा : वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन व सर्व युवा ब्राह्मण परिषद द्वारा अग्रवाल भवन, पुरानी बस्ती में दोपहर 3 बजे से।
-
स्वच्छता श्रमदान : संस्था ‘युवा’ द्वारा सुबह 9 बजे से सीएम हाउस के पास सिविल लाइन में श्रमदान।
-
कृष्ण मित्र फाउंडेशन बैठक : सरजूबांधा मुक्तिधाम परिसर टिकरापारा में सुबह 9 बजे।
-
स्वास्थ्य जागरूकता शिविर : श्रीरायपुर पुष्टिकर समाज द्वारा बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक ब्लड प्रेशर, शुगर और कानों की जांच के लिए शिविर।
