Chhattisgarh Morning News: निवेशकों से मिलेंगे सीएम साय, पर्युषण महापर्व की शुरुआत, प्रोफेसर भर्ती दस्तावेज सत्यापन 30 को, फार्मासिस्ट भर्ती आवेदन जारी
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं। वे 29 अगस्त तक वहीं रहेंगे। आज सीएम सियोल में निवेशकों और व्यापारिक संगठनों से मुलाकात करेंगे और छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों को लेकर उन्हें आमंत्रित करेंगे। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने सियोल में कई निवेशकों से मुलाकात की थी और राज्य में निवेश को लेकर चर्चा की थी।
दिगंबर जैन समाज का पर्युषण महापर्व आज से
रायपुर. दिगंबर जैन समाज का प्रसिद्ध पर्युषण महापर्व गुरुवार से शुरू हो गया है। इस पर्व को दशलक्षण पर्व भी कहा जाता है, जो 6 सितंबर तक चलेगा। राजधानी रायपुर के विभिन्न दिगंबर जैन मंदिरों में इन 10 दिनों तक अलग-अलग धार्मिक विधान और गतिविधियों का आयोजन होगा।
श्री शांतिनाथ भक्त परिवार के प्रमुख संजय जैन और अमित जैन ने बताया कि इस पर्व में उत्तम क्षमा, मार्दव, आर्जव, सत्य, शोच, संयम, तप, त्याग, आंकिचन और ब्रह्मचर्य जैसे दस मूल धर्मों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया जाता है।
श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अशोका रतन में सुबह 6.45 बजे से अभिषेक, शांतिधारा और आरती जैसे कार्यक्रम होंगे, वहीं शाम 7.30 बजे से संगीतमय आरती, स्वाध्याय, विवेचना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
प्रोफेसर भर्ती दस्तावेज सत्यापन 30 अगस्त को
रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की ओर से उच्च शिक्षा विभाग में होने वाली प्रोफेसर भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन की नई तिथि घोषित की गई है। पहले यह प्रक्रिया 28 अगस्त को निर्धारित थी, लेकिन नुवाखाई पर्व के अवकाश की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया। अब यह सत्यापन 30 अगस्त को होगा।
नगर सैनिक भर्ती: चयनित उम्मीदवारों की उपस्थिति अनिवार्य
रायपुर. बलौदाबाजार जिले में नगर सैनिक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। विभागीय वेबसाइट पर चयन सूची जारी कर दी गई है। जिन अभ्यर्थियों का चयन हुआ है उन्हें 1 से 10 सितंबर के बीच जिला सेनानी नगर सेना कार्यालय, बलौदाबाजार में उपस्थिति देना अनिवार्य होगा।
गौरतलब है कि जिले में नगर सैनिकों के 55 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चलाई गई थी।
फार्मासिस्ट भर्ती आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर
रायपुर. छत्तीसगढ़ व्यापमं (CG Vyapam) ने फार्मासिस्ट ग्रेड-2 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। उम्मीदवार 1 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में डी फार्मा, बी फार्मा और एम फार्मा डिग्रीधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
पहले से आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। इस भर्ती के तहत दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और सूरजपुर जिलों में कुल 25 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
