Chhattisgarh Morning News: अमित शाह की अहम बैठक आज, टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से राहत, राजधानी में कानून व्यवस्था पर घमासान
Chhattisgarh Morning News: जगदलपुर में आज मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक, 4 राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल… धरमलाल कौशिक लूटकांड पर कांग्रेस का सरकार पर हमला… DMF केस में अनिल टुटेजा को मिली जमानत
Chhattisgarh Morning News: बस्तर से लेकर रायपुर तक आज सियासी हलचल तेज रहने वाली है। अमित शाह की बड़ी बैठक, टुटेजा की संभावित रिहाई, राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था और CCPL सीजन-3 के लॉन्च तक… जानिए छत्तीसगढ़ की हर बड़ी खबर, जो पूरे दिन की राजनीति और प्रशासन की दिशा तय कर सकती है।
Chhattisgarh Morning News: अमित शाह के बस्तर दौरे का दूसरा दिन, आज होगी बड़ी बैठक
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे का मंगलवार को दूसरा दिन है। जगदलपुर में आज मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता खुद अमित शाह करेंगे। इस अहम बैठक में उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक में राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के बाद अमित शाह दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि बस्तर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा को लेकर विशेष पैकेज का ऐलान किया जा सकता है। इसके बाद वे शाम 3:45 बजे जगदलपुर से दिल्ली रवाना होंगे।
जगदलपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी आज जगदलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सुबह 11 बजे केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 6:25 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
धरमलाल कौशिक लूटकांड पर कांग्रेस का सरकार पर हमला
राजधानी रायपुर में भाजपा नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट की घटना पर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह राजधानी में मौजूद हैं और पूरा शहर हाई अलर्ट पर है, तब इस तरह की घटना होना सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बावजूद राजधानी में अपराध कम नहीं हुए हैं। कांग्रेस ने इसे प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का बड़ा उदाहरण बताया है।
Chhattisgarh Morning News: रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से राहत
डीएमएफ घोटाले में जेल में बंद रिटायर्ड IAS अधिकारी अनिल टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जोयमाल्या बागची की बेंच ने उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली है।
कोर्ट ने लंबी न्यायिक हिरासत और ट्रायल में हो रही देरी को आधार मानते हुए जमानत दी। बताया जा रहा है कि करीब 2 साल 28 दिन जेल में रहने के बाद टुटेजा मंगलवार शाम तक रिहा हो सकते हैं। हालांकि राज्य सरकार ने कोर्ट में जमानत का विरोध करते हुए कहा था कि वे प्रभावशाली व्यक्ति हैं और गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।
आज लॉन्च होगा CCPL सीजन-3
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का औपचारिक आगाज आज होगा। नवा रायपुर स्थित होटल रिसॉर्ट में शाम 5:30 बजे टीमों, जर्सी और ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा।
सीएससीएस अध्यक्ष वी. मोहन दास ने बताया कि टूर्नामेंट 3 जून से 14 जून तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। कार्यक्रम में खेल जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
