Chhattisgarh Morning News: बीजेपी पदाधिकारियों का शपथ समारोह आज, डिप्टी सीएम साव कांकेर दौरे पर, गणेशोत्सव में डीजे पर कड़ी पाबंदी, उत्तरी छग में भारी बारिश का अलर्ट
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज कई अहम घटनाएं होने जा रही हैं। एक ओर राजधानी रायपुर में भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवीन पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा, वहीं डिप्टी सीएम अरुण साव कांकेर जिले के दौरे पर रहेंगे। इसके साथ ही गणेशोत्सव के दौरान डीजे बजाने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मौसम विभाग ने उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
कांकेर दौरे पर रहेंगे डिप्टी सीएम अरुण साव
डिप्टी सीएम अरुण साव आज सुबह 9 बजे रायपुर से कांकेर जिले के लिए रवाना होंगे। वे भानुप्रतापपुर के हाटकोंदल गांव में हायर सेकेंडरी स्कूल, जाड़ेखुरसे पुल और आदिवासी कन्या आश्रम का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा कांकेर के नालंदा परिसर में भूमि पूजन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। दौरा पूरा करने के बाद वे शाम 5 बजे रायपुर लौटेंगे।
गणेशोत्सव में डीजे बजाने पर पाबंदी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गणेशोत्सव के दौरान डीजे बजाने के लिए पहले जोन कमिश्नर और थाना प्रभारी से NOC लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति के डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही अस्पताल, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों से 100 मीटर के दायरे में डीजे पर पूरी तरह रोक होगी। रात 10 बजे के बाद डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
भाजपा पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण
राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज सुबह 11:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें नवीन पदाधिकारी अपना दायित्व संभालेंगे। इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, महिला मोर्चा अध्यक्ष विभा अवस्थी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अशोक साहू, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष सत्य नारायण सिंह और अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान शपथ लेंगे।
